
इमराना हत्याकांड की कहानी (IMG: AI Generated)
Saharanpur: सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में खेत के पास मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। 14 अगस्त को नांगल अहीर गांव के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। अगले दिन मृतका की पहचान कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मवी खेड़ा खुर्द निवासी इमराना के रूप में हुई।
मामले में इमराना के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मृतका से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को शमशाद पर शक हुआ। रविवार को पुलिस ने शमशाद निवासी मवी खेड़ा खुर्द को हरौड़ा कट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे रुपये और पुराने प्रेम संबंधों को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। आरोपी शमशाद ने पूछताछ में बताया कि पड़ोस में वाजिद का परिवार रहता है और वाजिद की पत्नी इमराना से उसका करीब सात-आठ महीने से प्रेम संबंध था। इमराना भगवानपुर स्थित एक दवाई कंपनी में नौकरी करती थी। शमशाद कई बार उसे कंपनी छोड़ने और लेने भी जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी।
पुलिस के अनुसार, इमराना की पहचान केसर नाम के व्यक्ति से भी थी और दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध रह चुके थे। शमशाद को इमराना का केसर से बातचीत करना पसंद नहीं था। उसने कई बार इमराना से केसर से संबंध खत्म करने को कहा, लेकिन वह उससे बातचीत करती रही।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि इमराना की बेटी आफरीन की शादी की बात चल रही थी। शादी के लिए इमराना उससे रुपये मांग रही थी। आरोपी का दावा है कि इमराना उससे बार-बार पैसे देने के लिए कहती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि इमराना रुपये नहीं देने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी देती थी। इस वजह से वह काफी परेशान हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, शमशाद ने हत्या की योजना पहले से बना ली थी। 13 अगस्त की सुबह वह इमराना को जेल चुंगी छोड़ने गया था। इसके बाद शाम को उसे कंपनी से वापस लाने की बात कही। आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की योजना के तहत अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया, ताकि उसकी लोकेशन या गतिविधियों को ट्रेस करना मुश्किल हो। इसके बाद वह बाइक से भगवानपुर स्थित इमराना की कंपनी के पास पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, इमराना रायपुर में एक गली के बाहर बाइक से उतर गई थी। वहां से वह केसर के पास से टिफिन लेकर आई। इसके बाद उसने शमशाद से मुख्य मार्ग पर मिलने को कहा। शमशाद गागलहेड़ी-भगवानपुर मार्ग पर उसका इंतजार करता रहा। कुछ देर बाद इमराना वहां पहुंची तो आरोपी ने उसे दोबारा बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों गागलहेड़ी की तरफ चल दिए। पुलिस का कहना है कि रास्ते में इमराना ने शमशाद से रुपये मांगे। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे बहाने से नांगल अहीर गांव के पास ले जाने की योजना बनाई।
ऐसा क्या हुआ कि मां ने ही बेटी DSO सीमा चौधरी पर केस कर दिया? सहारनपुर में FIR दर्ज
पुलिस के मुताबिक, शमशाद ने इमराना को संबंध बनाने और बाद में घर जाकर रुपये देने का झांसा दिया। इसके बाद वह उसे नांगल अहीर गांव के पास ले गया। आरोपी ने बाइक एक जगह खड़ी की और इमराना से कुछ दूर आगे चलने को कहा। जैसे ही दोनों सुनसान जगह पर पहुंचे, आरोपी ने कथित तौर पर पीछे से उसके सिर पर सरिया मार दिया। पुलिस के अनुसार, शमशाद ने इमराना के सिर और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने इमराना का मोबाइल फोन भी सरिये से तोड़ दिया। इसके बाद शव को नाले में फेंककर वहां से चला गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। रविवार को शमशाद को हरौड़ा कट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
Location : Saharanpur
Published : 24 August 2026, 4:57 PM IST