हिंदी
हापुड़ की डीएसओ सीमा चौधरी पर सहारनपुर में केस दर्ज हुआ है
Saharanpur : जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्रशासनिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक सबको चौंका दिया है। यहां हापुड़ में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) डॉ. सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ सरसावा थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि केस दर्ज कराने वाली कोई बाहरी शिकायतकर्ता नहीं बल्कि उनकी सगी मां मुनेश रानी हैं, जिन्होंने बेटी पर धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
मीरपुर सीतापुर गांव की रहने वाली मुनेश रानी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी डॉ. सीमा चौधरी ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना उनके बैंक खाते का इस्तेमाल किया। आरोप है कि आईसीआईसीआई बैंक में मौजूद उनका खाता बेटी अपनी ई-मेल आईडी से संचालित करती थी और सभी लेन-देन उनसे छिपाए जाते थे। मुनेश रानी का दावा है कि खाते में लगभग 15 लाख रुपये जमा किए गए, जिसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि यह रकम कथित तौर पर अवैध कमाई को छिपाने के लिए खाते में डाली गई थी। इसके अलावा मुनेश रानी ने कहा कि उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश भी रची गई, जिसमें संजीव कुमार चौधरी, राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार का नाम शामिल है। आरोप है कि 16 सितंबर 2023 की एक फर्जी रसीद तैयार कर जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया।
मुनेश रानी ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले का विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार दबाव और डर की वजह से वह मानसिक रूप से परेशान हो गईं और अंत में अपनी जमीन बेचने को मजबूर हुईं। पहले उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दी थी लेकिन कार्रवाई न होने पर डीआईजी सहारनपुर से न्याय की गुहार लगाई।
डीआईजी के आदेश के बाद सरसावा थाने में डॉ. सीमा चौधरी समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और बैंक लेन-देन की भी जांच की जा रही है। वहीं डॉ. सीमा चौधरी ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि उनका अपनी मां से अच्छा संबंध है और उन्हें इस मुकदमे की जानकारी नहीं है।
Location : Saharanpur
Published : 2 July 2026, 2:56 PM IST