
प्रधानी की रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग
Agra: आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात वह मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश ने इस बार ऐसा खूनी रूप लिया कि सड़कें गोलियों की आवाज से गूंज उठीं और एक परिवार की जिंदगी उजड़ गई। फिल्मी अंदाज में तीन किलोमीटर तक पीछा कर हमलावरों ने दो सगे भाइयों की कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
जानकारी के मुताबिक शाहपुर गुर्जर गांव निवासी किताब सिंह के पुत्र अवनीश यादव (45) और उनके भाई मलिक उर्फ उपेंद्र (38) सोमवार शाम कार से जैतपुर की ओर जा रहे थे। दोनों को अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे हमलावर दो बाइक और एक कार में सवार होकर उनका पीछा करने लगे।
बताया गया कि हमलावरों ने करीब तीन किलोमीटर तक लगातार पीछा किया। जैसे ही कार प्यारमपुरा गांव के पास पहुंची, हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में उसे ओवरटेक किया और रास्ता रोक दिया। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। हमलावरों ने दोनों भाइयों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहशत में आ गया और लोग घरों में दुबक गए।
पुलिस के अनुसार हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग इतनी तेज थी कि कार के टायरों को भी निशाना बनाया गया ताकि दोनों भाइयों को भागने का कोई मौका न मिले। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और पीछे खून से सनी सड़क और टूटी हुई कार रह गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अवनीश यादव की मौत हो गई, जबकि उनके भाई मलिक उर्फ उपेंद्र का इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।
Location : Agra
Published : 2 June 2026, 2:12 PM IST