
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी (Img: Pinterest)
Ayodhya: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच एजेंसियों के हाथ बड़ा डिजिटल सुराग लगा है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों के मोबाइल फोन का बैकअप रिकवर कर लिया है। खास बात यह है कि करीब एक साल पुराना डिलीट डेटा भी पुलिस के हाथ लग गया है, जिसमें 2 करोड़ रुपये से अधिक की कथित चोरी से जुड़े अहम चैट्स सामने आए हैं।
आरोपियों को लगा था कि मोबाइल से डेटा डिलीट करने के बाद सबूत हमेशा के लिए मिट जाएंगे, लेकिन साइबर फॉरेंसिक जांच ने पूरी कहानी पलट दी। पुलिस ने पुराने मोबाइल का बैकअप निकालने के साथ-साथ डिलीट चैट्स, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य जानकारी भी रिकवर कर ली है। अब इन्हीं चैट्स को केस की टाइमलाइन से जोड़ा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, फरवरी 2026 की कुछ चैट्स में अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा के बीच चोरी की रकम के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। चैट्स में आरोप है कि एक आरोपी ने ज्यादा पैसा अपने पास रख लिया और दूसरे को पूरा हिस्सा नहीं दिया। यही बातचीत अब जांच की अहम कड़ी बन सकती है।
पुलिस अब चैट्स में लिखी रकम का मिलान आरोपियों के बैंक खातों में हुए ट्रांजेक्शन से कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या जिन पैसों का जिक्र चैट्स में है, वही रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हुई थी। अगर बैंक रिकॉर्ड और चैट्स मेल खाते हैं, तो यह केस को और मजबूत कर सकता है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अविनाश शुक्ला ने कथित चोरी की रकम से कार खरीदी थी, लेकिन उसे अपने नाम पर नहीं बल्कि भाई अभिषेक के नाम पर लिया गया। मामला खुलने के बाद कार को प्रतापगढ़ स्थित गांव भेज दिया गया था। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर कार बरामद कर ली है।
‘मेरा ही घर और मुझे ही बेघर करने की तैयारी!’ पैतृक संपत्ति पर कब्जे के खेल के पीछे किसका है हाथ?
जांच का दायरा अब अयोध्या से निकलकर प्रतापगढ़ तक पहुंच गया है। पुलिस आरोपी अविनाश शुक्ला को उसके गांव भी लेकर गई, जहां बाइक और अन्य सामान की बरामदगी के साथ पूछताछ में सामने आए तथ्यों का सत्यापन किया गया।
अब पुलिस जेल में बंद अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू, करुणेश पांडे और मनीष यादव से पूछताछ की तैयारी कर रही है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद जांच अधिकारी इनसे चोरी की रकम, डिजिटल चैट्स और संपत्तियों को लेकर सवाल करेंगे।
Location : Ayodhya
Published : 5 July 2026, 12:54 PM IST
Topics : ayodhya news Ram Mandir case up crime