Pawan Yadav Murder: प्रयागराज में सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, रंजिश के कारण हुआ खूनी खेल

प्रयागराज के हंडिया में सपा नेता पवन यादव की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। जांच में बाइक से पहुंचे हमलावरों और हथियारों को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 September 2026, 12:01 PM IST

Prayagraj: हंडिया में समाजवादी पार्टी के युवा नेता और पूर्व प्रधान पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे भी बरामद किए हैं।

बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे तीनों

पुलिस के अनुसार, पवन यादव पर हमला करने के लिए तीनों आरोपी एक ही बाइक से मौके पर पहुंचे थे। बाइक निहाल अली चला रहा था, जबकि बृजेश यादव बीच में और लल्ला यादव पीछे बैठा था। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान लल्ला यादव ने पवन यादव पर गोली चलाई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मौके पर मिले सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों को खंगाला। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें- सपा नेता पवन यादव हत्याकांड: एक बाइक, दो तमंचे और तीन कातिल; प्रयागराज गोलीकांड की पूरी साजिश

पूछताछ में सामने आई व्यक्तिगत रंजिश

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपी लल्ला यादव ने पवन यादव के साथ व्यक्तिगत दुश्मनी होने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि हत्या की साजिश के लिए हथियार भी खरीदे गए थे। बताया गया है कि करीब 20 हजार रुपये में दो तमंचे और कारतूस खरीदे गए थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने हथियार और बाइक बरामद कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घर से बुलावे पर निकले थे पवन

बता दें कि मंगलवार शाम प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में सपा नेता पवन यादव को बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी थी। गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें- Pratapgarh: प्रतापगढ़ में स्कूली वाहनों पर बड़ा एक्शन, 15 साल पुराने वाहनों पर रोक; नियम टूटा तो होगी कार्रवाई

पवन यादव मुंगराव गांव के रहने वाले थे। वह समाजवादी पार्टी के युवा नेता, जिला सचिव और पूर्व प्रधान भी रह चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में सपा नेता और समर्थक भी वहां जुट गए।

भाई ने रंजिश से किया था इनकार

घटना के बाद पवन यादव के भाई ब्रजेश यादव ने बताया था कि पवन किसी के बुलाने पर घर से निकले थे। उन्होंने उस समय किसी पारिवारिक या पुरानी रंजिश की आशंका से इनकार किया था। वहीं, पुलिस के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर व्यक्तिगत दुश्मनी की बात सामने आई। डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया था कि एक बाइक पर आए तीन हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। अब तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार बरामद होने के बाद पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ रही है।

Location :  Prayagraj

Published :  16 September 2026, 12:01 PM IST