प्रतापगढ़ में ड्रग तस्करी का बड़ा खुलासा, 11.74 ग्राम MD के साथ तस्कर गिरफ्तार; बिना नंबर की Bullet भी सीज

प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा में पुलिस ने 11.74 ग्राम MD के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बिना नंबर की बुलेट सीज हुई है। पुलिस को मोबाइल से WhatsApp चैट और UPI लेन-देन के डिजिटल सबूत भी मिले।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 29 September 2026, 6:40 PM IST

Pratapgarh: उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के दौरान 11.74 ग्राम कथित अवैध MD (मेथामफेटामाइन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल को भी एमवी एक्ट के तहत सीज किया है।

खटखटहवा पुल के पास घेराबंदी कर गिरफ्तारी

थाना प्रभारी आसपुर देवसरा राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने खटखटहवा पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, मौके से बृजेश पाण्डेय पुत्र बाल गोविन्द पाण्डेय, निवासी गधियावां, थाना आसपुर देवसरा, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा संख्या 250/2026 के तहत धारा 22C NDPS Act में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें: देवरिया में ATM चोरी का अनोखा खेल बेनकाब, लोहे की पट्टी और क्लिप से फंसाते थे कैश; दो गिरफ्तार

पूछताछ में दो अन्य लोगों के नाम

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह बरामद MD को आनंद पाण्डेय उर्फ सुधांशू पाण्डेय, निवासी रेडीगारापुर, थाना पट्टी, प्रतापगढ़ से खरीदता था। इसके अलावा आरोपी ने पन्नेलाल निषाद, निवासी बगोझर, थाना महराजगंज, जौनपुर से भी ड्रग्स की खेप मंगवाने की बात बताई है। पुलिस अब इन दावों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार घूस लेते नगर निगम का राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

मोबाइल से मिले UPI लेन-देन और चैट के सबूत

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में अन्य तस्करों और खरीदारों के साथ WhatsApp कॉल और चैट के रिकॉर्ड मिले हैं। इतना ही नहीं, ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के लिए यूपीआई (UPI) के जरिए ऑनलाइन पैसों के लेन-देन के भी पुख्ता डिजिटल सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: ‘पहली बार महसूस हुई इतनी सुरक्षा’, महिला रैपिडो राइडर के साथ सफर कर मुंबई की इंफ्लूएंसर ने कही दिल की बात

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और सामने आए नामों तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  29 September 2026, 6:40 PM IST