गैस कटर लेकर घर में घुसे चोर, अलमारी काटकर ले गए लाखों का माल; सुबह खुला ऐसा राज कि उड़ गए होश

प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र में चोरों ने ऐसी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिसे देखकर परिवार के होश उड़ गए। रात के अंधेरे में घर के ताले ही नहीं, लोहे की अलमारी तक गैस कटर से काट दी गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 September 2026, 2:51 PM IST

Pratapgarh: रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के ताले तोड़ने के साथ ही लोहे की अलमारी को भी गैस कटर से काट डाला। इसके बाद उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर रात के अंधेरे में फरार हो गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

गैस कटर से काटे ताले और अलमारी

विष्णुपुर गांव निवासी सुशील कुमार मिश्र गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी इंदु मिश्र बच्चों के साथ रहती हैं। बताया गया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने घर को निशाना बनाया। चोरों ने पहले घर के दरवाजों के ताले काटे और फिर अंदर रखी लोहे की अलमारी को गैस कटर से काट दिया।

ये भी पढ़ें- एनकाउंटर के खौफ से उड़ी नींद; गले में तख्ती बांधकर SSP ऑफिस पहुंचा शूटर, यूपी पुलिस को कर डाला हैरान

अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ करने के बाद चोर मौके से निकल गए। वारदात को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ घर में दाखिल हुए थे।

सुबह कमरे में बिखरा सामान तो सामने आई वारदात

शनिवार सुबह परिवार के लोग रोजाना की तरह सोकर उठे। घर के कमरों की हालत देखकर उन्हें कुछ गड़बड़ होने का अहसास हुआ। दरवाजों के ताले टूटे पड़े थे और अलमारी गैस कटर से कटी हुई थी। अंदर रखा सामान भी इधर-उधर बिखरा था।

जब परिवार ने सामान की जांच की तो चोरी की पूरी जानकारी सामने आई। कीमती जेवरात और नकदी गायब थी। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। पीड़ित महिला इंदु मिश्र का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उनका कहना है कि कई वर्षों की मेहनत और बचत से जुटाए गए जेवरात और जरूरी सामान चोर ले गए।

ये भी पढ़ें- चिल्लाता रहा बेबस पिता और खून का प्यासा शराबी बेटा! जानिए उस खूनी सुबह का वह भयानक सच जो रूह कंपा दे

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने रानीगंज कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी के तरीके और वारदात में इस्तेमाल गैस कटर को लेकर भी सुराग जुटा रही है। पुलिस की ओर से खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक टीम की मदद लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिल सकें।

जल्द खुलासे का पुलिस ने दिया भरोसा

कोतवाल प्रदीप कुमार के मुताबिक, पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Pratapgarh

Published :  13 September 2026, 2:51 PM IST