हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Darbhanga: बिहार के दरभंगा में ऑनर किलिंग की रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक की तलवार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप बिहार पुलिस के एक दारोगा मोहम्मद मोबिन पर लगा है, जो वर्तमान में पटना में तैनात बताया जा रहा है। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस खूनी खेल को अंजाम देने के बाद आरोपी दारोगा ने खुद को भी गोली मार ली। उसे गंभीर स्थिति में दरभंगा के अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात की पटकथा तीन साल पहले ही लिख दी गई थी। तीन साल पहले सुनील सहनी ने गांव के ही मोहम्मद बिहारी की पुत्री सानिया से अंतरधार्मिक प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। इस शादी से लड़की के परिजन बेहद नाराज थे। शादी के बाद सुरक्षा और विवादों से बचने के लिए सुनील अपनी पत्नी और परिवार के साथ अहमदाबाद में रहने लगा था।
सुनील और सानिया दो दिन पहले ही अहमदाबाद से वापस अपने गांव ओझौल लौटे थे। गांव आने के बाद सुनील की पत्नी सानिया अपने मायके चली गई थी। परिजनों को लगा था कि वक्त के साथ सब कुछ ठीक हो गया होगा, लेकिन लड़की के परिवार के दिल में बदले की आग अभी भी सुलग रही थी।
शुक्रवार की सुबह तड़के करीब चार बजे सानिया के चाचा और आरोपी दारोगा मोहम्मद मोबिन ने सुनील को फोन किया। उसने सुनील को ताजिया की तैयारी देखने के बहाने गांव के मंदिर के पास बुलाया। सुनील अपने रिश्तेदार पर भरोसा कर वहां पहुंच गया। लेकिन जैसे ही सुनील मंदिर के पास पहुंचा, मोबिन ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मोबिन ने तलवार निकालकर सुनील के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिए। वार इतने घातक थे कि सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गांव वालों के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद मोबिन और मृतक सुनील सहनी कभी बेहद गहरे दोस्त हुआ करते थे। दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग थी, लेकिन तीन साल पहले हुए इस प्रेम विवाह ने दोस्ती को कट्टर दुश्मनी में बदल दिया। मोबिन इस शादी से बेहद नाराज चल रहा था। वर्तमान में पटना में तैनात दारोगा मोबिन कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था और वह सही मौके की तलाश में था।
सुनील की हत्या करने और उसकी मौत सुनिश्चित करने के बाद, आरोपी दारोगा मोहम्मद मोबिन ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हालांकि, अभी तक पुलिस इस बात को स्पष्ट नहीं कर पाई है कि दारोगा ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारी या किसी अवैध हथियार का इस्तेमाल किया।
नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन: करोड़ों के सहकारिता घोटाले का बड़ा खुलासा, पढ़े पूरी खबर
इस दोहरे कांड के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और तनाव का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ओझौल गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने स्थानीय एसडीपीओ को मामले में त्वरित कार्रवाई करने और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए हैं। साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
Location : Darbhanga
Published : 26 June 2026, 1:03 PM IST
Topics : Bihar Honor Killing Bihar Police Sub Inspector Crime News Bihar Darbhanga Murder Sunil Sahni Murder
No related posts found.