गोरखपुर में घर से नाराज होकर निकलीं दो नाबालिग बहनें, 24 घंटे बाद बिहार बस स्टैंड पर मिलीं; ऐसे पहुंची पुलिस

गोरखपुर में पारिवारिक डांट-फटकार से नाराज होकर घर से निकलीं दो नाबालिग बहनों को एम्स थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बालिकाएं बिहार बस स्टैंड पर मिलीं। पुलिस ने CCTV फुटेज, सर्विलांस सेल और तकनीकी माध्यमों की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की। परिजनों की शिकायत पर BNS की धारा 137(2) के तहत केस दर्ज किया गया था।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 2 September 2026, 6:42 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में दो नाबालिग बहनों के अचानक घर से चले जाने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। दोनों बहनें पारिवारिक डांट-फटकार से नाराज होकर घर से निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से दोनों की तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित जगहों पर खोजबीन की गई, लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चला। जब काफी प्रयास के बाद भी दोनों बहनों की जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने एम्स थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने तुरंत दर्ज किया मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, दोनों बालिकाएं 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे घर से निकली थीं। परिजनों की शिकायत के बाद एम्स थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 270/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मुकदमा दर्ज किया। दोनों बहनों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्तर पर उनकी तलाश शुरू कर दी।

CCTV से लेकर सर्विलांस तक खंगाला गया

पुलिस टीम ने दोनों बहनों की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जिन संभावित रास्तों से दोनों के गुजरने की आशंका थी, वहां लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग को चेक किया गया। इसके साथ ही सर्विलांस सेल की मदद ली गई। तकनीकी माध्यमों से भी दोनों की संभावित लोकेशन और उनके संपर्क में आने वाले स्थानों की जानकारी जुटाई गई।

गोरखपुर में पानी से भरे गड्ढे में मिला कई दिन पुराना शव, जानवरों ने नोचा; पहचान बनी पहेली

बिहार बस स्टैंड पर मिली लोकेशन

लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम को दोनों नाबालिग बहनों के बिहार बस स्टैंड पर होने की जानकारी मिली। लोकेशन सामने आते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर दोनों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों बहनों को बिहार बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों की बरामदगी की जानकारी मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली।

परिवार को मिली बड़ी राहत

दोनों बहनों के घर से अचानक चले जाने के बाद परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी। रिश्तेदारों और परिचितों के बीच भी उनकी तलाश की जा रही थी। पुलिस से शिकायत के बाद मामले में तेजी से कार्रवाई शुरू हुई और 24 घंटे के भीतर दोनों को बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों बालिकाओं की बरामदगी के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

गोरखपुर में तड़के मुठभेड़, पुलिस पर चलाई गोली; जवाबी फायरिंग में शातिर चोर के पैर में लगी गोली

पुलिस टीम की तत्परता से मिली सफलता

इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण और एम्स थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल राजेश कुमार साह, कांस्टेबल उदय राज और महिला कांस्टेबल शिवानी यादव शामिल रहीं।

Location :  Gorakhpur

Published :  2 September 2026, 6:42 PM IST