नोएडा की नामी कंपनी में बड़ा अग्निकांड: मौके पर 25 से ज्यादा दमकल गाड़ियां, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं

नोएडा के सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। मौके पर 25 से अधिक दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। धुएं की चपेट में आने से पांच कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई, जबकि समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 May 2026, 8:06 PM IST

Noida Desk: नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-59 में स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कंपनी में उस समय सैकड़ों कर्मचारी काम कर रहे थे। आग की लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास की कंपनियों में भी चिंता का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी सतर्क कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

फायर अलार्म बजते ही मची भगदड़

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे कंपनी में अचानक फायर अलार्म बजने लगा। अलार्म सुनते ही कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कंपनी प्रबंधन ने तत्काल कर्मचारियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

ग्रेटर नोएडा में बड़ा मामला: सुबह तक सब कुछ था सामान्य, कुछ घंटों में बिछ गईं 40 लाशें

आग ने लिया विकराल रूप

शुरुआत में पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बाद में 20 और फायर टेंडर बुलाए गए। कुल 25 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

केमिकल और थिनर की वजह से ज्यादा भड़की आग

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप चौबे ने बताया कि आग कंपनी के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर तक फैल गई थी। इन हिस्सों में बड़ी मात्रा में केमिकल और थिनर रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। दमकल कर्मी लगातार आग को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आग अन्य हिस्सों तक न पहुंचे।

पांच कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ी

आग लगने के दौरान धुएं के कारण पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। दम घुटने की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि समय रहते सभी कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

बिहार से ग्रेटर नोएडा पढ़ने आई थी चांदनी, पिता ने सोचा था- मेरी बिटिया अफसर बनेगी, लेकिन अब किस्मत में सिर्फ आंसू

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।

Location :  Noida

Published :  30 May 2026, 7:53 PM IST