ओमान के पास जहाज पर हमला, देवरिया के सूरज यादव की मौत; आखिर MV Cape Dao पर कैसे बरसी आफत?

ओमान के पास भारत आ रहे MV Cape Dao जहाज पर हुए हमले में देवरिया के सूरज यादव की मौत हो गई। सूरज जहाज पर Wiper के पद पर तैनात थे। FSUI के मुताबिक जहाज को दो टॉरपीडो से निशाना बनाया गया। भारतीय दूतावास ने एक भारतीय की मौत की पुष्टि की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 24 September 2026, 2:15 PM IST

Deoria: ओमान के पास भारत की ओर आ रहे मालवाहक जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 23 वर्षीय सूरज यादव की मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है। Forward Seamen’s Union of India (FSUI) ने मृतक की पहचान देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के करमाजीतपुर निवासी सूरज यादव के रूप में की है। वह जहाज पर Wiper के पद पर तैनात थे।

भारत आ रहे जहाज को बनाया गया निशाना

रिपोर्टों के मुताबिक MV Cape Dao भारत की ओर आ रहा था, तभी ओमान के पास उस पर हमला हुआ। भारतीय दूतावास ने बताया कि वह ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और जहाज पर सवार लोगों की सुरक्षा को लेकर समन्वय कर रहा है। हमले के बाद जीवित क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

FSUI ने बताया- दो टॉरपीडो से हुआ हमला

FSUI के अनुसार जहाज पर 28 क्रू सदस्य सवार थे और दो टॉरपीडो से जहाज को निशाना बनाया गया। एक टॉरपीडो पोर्ट साइड के C-Deck के पास और दूसरा इंजन रूम के नजदीक लगा। हालांकि, जहाज पर मौजूद भारतीय नागरिकों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। FSUI ने 20 भारतीयों की बात कही, जबकि भारतीय दूतावास ने 19 भारतीय नागरिकों के जहाज पर होने की जानकारी दी।

गंदे टॉयलेट और पानी की बदहाली से भड़के छात्र, बारिश में भी क्लास छोड़कर कॉलेज में क्यों डटे रहे?

देवरिया के करमाजीतपुर का रहने वाला था सूरज

FSUI ने सूरज यादव को उत्तर प्रदेश के देवरिया का निवासी और जहाज पर Wiper बताया है। रिपोर्टों के मुताबिक हमले के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी और बाद में उनकी मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने भी एक भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताते हुए परिवार के संपर्क में होने की जानकारी दी।

19 अगस्त को घर से निकला था सूरज

परिजनों के मुताबिक सूरज यादव 19 अगस्त को मुंबई से दुबई होते हुए ओमान पहुंचे थे। 23 अगस्त को परिवार को जहाज पर हमले की जानकारी मिली और इसके कुछ ही समय बाद सूरज की मौत की खबर सामने आई। परिवार के मुताबिक ओमान और भारतीय दूतावास की ओर से उन्हें घटना की जानकारी दी गई।

रोज की गैस से पाएं राहत, अपनाएं यह उपाय

शव भारत लाने की मांग

सूरज की मौत की खबर के बाद करमाजीतपुर गांव और पूरे देवरिया में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने सूरज यादव का शव जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों और RPSL एजेंसी के साथ समन्वय कर रहा है तथा मृतक के परिवार के संपर्क में है।

Location :  Deoria

Published :  24 September 2026, 2:15 PM IST