
खून से लथपथ मिली छात्रा फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Varanasi Crime News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सारनाथ से एक ऐसी रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक नर्सिंग छात्रा का शव बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर खून से लथपथ हालत में मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि छात्रा के प्राइवेट पार्ट से लगातार खून बह रहा था और उसके कपड़े भी पूरी तरह खून से भीगे हुए थे। घटनास्थल के पास उसका बैग पड़ा था, जिसमें से गर्भपात से जुड़ी दवाएं मिलने की बात सामने आई है। अब यह मौत हादसा है, लापरवाही है या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है, इसका जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल पाएगा।
मृतक छात्रा बलिया की रहने वाली थी और वाराणसी के शिव सर्जिकल नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता चंदौली में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि कॉलेज में फिलहाल अवकाश चल रहा था, लेकिन इसके बावजूद छात्रा बुधवार को घर से यह कहकर निकली थी कि उसे कॉलेज जाना है। उसने अपनी मां से दो लोगों का खाना भी बनवाया और टिफिन लेकर घर से रवाना हुई।
जांच में सामने आया है कि छात्रा सारनाथ स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में पहुंची थी, जहां बॉयज हॉस्टल संचालित होता है। वहां वह अपने साथ पढ़ने वाले एक युवक से मिलने गई थी। जानकारी के मुताबिक, करीब साढ़े 11 बजे बिजली गुल होने के बाद एक इलेक्ट्रीशियन मरम्मत के लिए भवन में पहुंचा था। काम खत्म कर लौटते समय उसकी नजर सीढ़ियों पर बैठी छात्रा पर पड़ी। छात्रा गंभीर हालत में थी और उसके शरीर से लगातार खून बह रहा था। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो घंटों के दौरान कमरे के अंदर क्या हुआ?
हॉस्टल के गार्ड के मुताबिक, छात्रा करीब दो घंटे तक हॉस्टल के एक कमरे में मौजूद रही थी। वह अपने साथ दो लोगों का खाना लेकर आई थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि टिफिन में रखा खाना पूरी तरह से बचा हुआ मिला। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर उन दो घंटों के दौरान कमरे के अंदर क्या हुआ?
युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ
मामले की जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के बैग से गर्भपात की दवाएं मिली हैं। शुरुआती आशंका है कि दवा के सेवन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। छात्रा के साथ पढ़ने वाले जौनपुर निवासी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रा की मां अस्पताल पहुंचीं। बेटी का शव देखते ही वह बेसुध होकर रोने लगीं। अस्पताल का माहौल उस समय बेहद भावुक हो गया जब मां अपनी बेटी के शव से लिपटकर बिलखती नजर आईं।
सारनाथ थाना प्रभारी के मुताबिक मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन की तलाश कर रही है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Location : Varanasi
Published : 11 June 2026, 3:57 PM IST