
त्विशा शर्मा मौत मामला (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Bhopal: भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मामले में गिरफ्तार त्विषा की सास और रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह तथा पति अधिवक्ता समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत मंगलवार 16 जून को खत्म हो रही है। सीबीआई दोनों आरोपियों को भोपाल की विशेष अदालत में पेश करने जा रही है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए दोनों आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी कराई जा सकती है।
जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश के बाद त्विषा शर्मा के परिजनों की मांग पर दिल्ली एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दूसरी पीएम रिपोर्ट तैयार की थी। यह रिपोर्ट करीब एक सप्ताह पहले सीबीआई को मिल चुकी है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक भोपाल एम्स में हुए पोस्टमार्टम में त्विषा के सिर पर क्लॉटिंग, हाथों में चोट और शरीर पर खरोंच के निशान मिले थे। दिल्ली एम्स के विशेषज्ञों की रिपोर्ट में भी शरीर पर कई चोटों, खरोंचों और संघर्ष के निशान मिलने की बात सामने आई है।
यह आत्महत्या है, हत्या नहीं’… कोर्ट में गिरिबाला सिंह की दलील, लेकिन नहीं मिली राहत; भेजी गईं जेल
सीबीआई दिल्ली एम्स की रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में कोर्ट के सामने पेश करेगी। इस रिपोर्ट को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है क्योंकि दूसरी पोस्टमार्टम जांच हाईकोर्ट के आदेश पर कराई गई थी। जांच एजेंसी अब दोनों पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल साक्ष्य और अन्य सबूतों को मिलाकर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
इस मामले में त्विषा शर्मा के मायके पक्ष के अधिवक्ता अंकुर पाण्डेय ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कटारा हिल्स पुलिस पर आरोप लगाया है कि त्विषा की मौत के बाद जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक सामानों को सुरक्षित तरीके से सील किया गया या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। अधिवक्ता के मुताबिक 13 मई को पुलिस ने त्विषा का मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए थे। जब्ती दस्तावेजों में सामान जब्त करने का समय सुबह 9:42 बजे दर्ज है, लेकिन नमूना सील से जुड़ा कॉलम खाली छोड़ा गया है। उनका आरोप है कि मोबाइल और लैपटॉप जैसे डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी ताकि डेटा से किसी तरह की छेड़छाड़ न हो सके।
Twisha Sharma Case: एम्स की रिपोर्ट ने बढ़ाई जज सास’की मुश्किलें, आज खत्म हो रही CBI रिमांड!
नोएडा की रहने वाली मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की 12 मई की रात भोपाल के बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। त्विषा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह उसे लेकर भोपाल एम्स पहुंचे थे। उस समय बताया गया था कि त्विषा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि मायके पक्ष ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना, मारपीट और आर्थिक दबाव जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया था कि 20 लाख रुपये के म्यूचुअल फंड को समर्थ सिंह के नाम ट्रांसफर कराने का दबाव बनाया गया और त्विषा के चरित्र को लेकर भी आरोप लगाए गए।
मामले ने तूल पकड़ा तो मध्य प्रदेश सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी। अब सीबीआई की दिल्ली मुख्यालय की विशेष टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। सीबीआई अब मेडिकल रिपोर्ट, डिजिटल सबूत, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि त्विषा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह थी। फिलहाल हर किसी की नजर आज होने वाली सुनवाई और सीबीआई की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
Location : Bhopal
Published : 16 June 2026, 1:39 PM IST