अब मैं नहीं झेल सकती… इटावा में MBBS छात्रा ने सुसाइड कर सबको झकझोरा, पुलिस को मिला अहम वीडियो

इटावा में NEET PG की तैयारी कर रही एक युवा महिला डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पुलिस को एक ऐसा वीडियो मिला है, जिसमें कुछ ऐसे संकेत बताए जा रहे हैं जो जांच की दिशा बदल सकते हैं। आखिर उस रात क्या हुआ?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 June 2026, 4:27 PM IST

Etawah: इटावा जिले में एक युवा महिला डॉक्टर की आत्महत्या की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पीजी नीट परीक्षा की तैयारी कर रही 27 वर्षीय डॉक्टर ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस को जांच के दौरान एक ऐसा वीडियो मिला है जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है।

घर में अकेली थीं डॉक्टर

जानकारी के अनुसार फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर निवासी सौम्या दीक्षित ने देर रात अपने घर में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थीं। देर रात मोहल्ले के लोगों ने घर के आंगन में उनका शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Vrindavan: मोबाइल चोर समझकर होमगार्ड ने रोका, लेकिन फिर जो हुआ उसने सबको चौंकाया!

NEET PG की कर रही थी तैयारी

परिजनों के मुताबिक सौम्या ने कानपुर के रामा देवी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। वह आगे पोस्ट ग्रेजुएशन में प्रवेश पाने के लिए NEET PG परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। करीबी लोगों का कहना है कि वह पढ़ाई और करियर को लेकर काफी गंभीर थीं। पिछले कुछ समय से परीक्षा और भविष्य को लेकर मानसिक दबाव में भी थीं। हालांकि, परिवार ने किसी अन्य विवाद की जानकारी नहीं दी है।

पहले भी कर चुकी थीं आत्महत्या की कोशिश

परिवार के अनुसार 26 मई को भी सौम्या ने आत्महत्या का प्रयास किया था। उस समय उन्हें बचा लिया गया था। घटना के बाद परिजन उनकी देखभाल कर रहे थे, लेकिन गुरुवार को उन्होंने यह कदम उठा लिया। घटना के समय उनकी मां बेंगलुरु में बेटे शिवम दीक्षित के पास गई हुई थीं। वहीं पिता रविकांत दीक्षित अपने व्यवसायिक कार्य के सिलसिले में जसवंतनगर स्थित कोल्ड स्टोरेज पर मौजूद थे।

आखिर क्यों फटती हैं मेंथा तेल निकालने वाली टंकियां? बाराबंकी की घटना ने बढ़ाई चिंता

टेबलेट में मिला सुसाइड वीडियो

मामले की जांच के दौरान पुलिस को सौम्या के टेबलेट से एक सुसाइड वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वीडियो में उन्होंने परीक्षा से जुड़े तनाव और कुछ पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र किया है। पुलिस ने टेबलेट समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Location :  Etawah

Published :  12 June 2026, 4:27 PM IST