
मुजफ्फरनगर दर्दनाक सड़क हादसा (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तितावी थाना क्षेत्र के पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने खेत से पशुओं का चारा लेकर घर लौट रही बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और ट्रक चालक की पिटाई कर दी।
जानकारी के मुताबिक, सैदपुर गांव निवासी करीब 60 वर्षीय सोना पत्नी बलबीर मंगलवार सुबह जंगल से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान शामली की ओर से आ रहे 10 टायरा ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचल दिया। हादसे में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा करते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इसके बाद अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और यातायात को सामान्य कराया।
UP विधानसभा चुनाव 2027: बीजेपी का मास्टर प्लान तैयार! गाजियाबाद में हो रहा बड़ा सियासी मंथन
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों की शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीओ फुगाना विश्वजीत सिंह ने बताया कि पानीपत-खटीमा रोड पर सैदपुर हमीनगर अंडरपास के पास चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। दुर्घटना में सोना पत्नी बलबीर की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 30 June 2026, 1:42 PM IST