हिंदी
UP विधानसभा चुनाव 2027 (Img: Pinterest)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 भले ही अभी दूर हो, लेकिन सियासी तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इसी कड़ी में गाजियाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पश्चिम क्षेत्र समन्वय समिति की अहम बैठक आयोजित हो रही है। इस बैठक को सिर्फ औपचारिक समन्वय बैठक नहीं, बल्कि 'मिशन 2027' की रणनीति तय करने वाले बड़े राजनीतिक मंथन के तौर पर देखा जा रहा है।
बैठक का सबसे बड़ा उद्देश्य सरकार, संगठन और संघ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा।
इस हाई-लेवल बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी नेता पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की रणनीति इस बार भी बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की है। बैठक में प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता, नए मतदाताओं तक पहुंच, सोशल मीडिया नेटवर्क को मजबूत करने और स्थानीय मुद्दों के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार करने पर मंथन होगा।
Amarnath Yatra By Car: अमरनाथ गुफा तक आप जा सकेंगे केबल कार से; जानिये पूरी योजना और तकनीक
बैठक में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की संभावित रणनीतियों का भी आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही यह तय किया जाएगा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को किस तरह प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि चुनावी बढ़त कायम रखी जा सके।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भाजपा के लिए बेहद अहम माना जाता है। यही कारण है कि इस क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर विशेष चर्चा होगी। जातीय समीकरण, स्थानीय मुद्दे, किसान, युवा और शहरी मतदाताओं को साधने के लिए अलग-अलग रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।
ताजमहल की सुरक्षा और पर्यटन सुविधाएं होंगी मजबूत, 24 करोड़ रुपये की योजनाओं को मिली मंजूरी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि गाजियाबाद की यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की शुरुआती रणनीतिक बैठकों में सबसे अहम मानी जा रही है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा चुनावी तैयारियों में अभी से जुट गई है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाना और विपक्ष के मुकाबले मजबूत चुनावी माहौल तैयार करना इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य है।
Location : Ghaziabad
Published : 30 June 2026, 1:35 PM IST