जन्मदिन की पार्टी मनाने घर से निकला था अश्वनी और लौटकर आया खून से सना शव, मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज वारदात

मुजफ्फरनगर में जन्मदिन की खुशियां उस वक्त एक रहस्यमयी घटना में बदल गईं, जब दोस्तों के साथ पार्टी मनाने निकला एक युवक घर वापस नहीं लौटा। शाम होते-होते परिवार को ऐसी खबर मिली, जिसने सबको झकझोर दिया। अब इस पूरे मामले में कई सवाल उठ रहे हैं और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 November 2026, 6:47 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जन्मदिन की पार्टी में जाने के लिए घर से निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार शाम को खलापार थाना क्षेत्र के रहने वाले अश्वनी का शव पिन्ना बाईपास के पास सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला।

परिजनों का आरोप है कि अश्वनी अपने चार दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने गया था और उन्हें इन्हीं दोस्तों पर हत्या का शक है। परिवार सदमे में है और उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इस मामले की जांच दो पहलुओं से कर रही है हत्या और सड़क दुर्घटना।

जन्मदिन की पार्टी के लिए दोस्तों के साथ गया था अश्वनी

परिजनों के अनुसार, रविवार को अश्वनी का जन्मदिन था। दोपहर 1:00 से 1:30 बजे के बीच उसे एक फोन कॉल आया बताया जा रहा है कि यह कॉल ओरिएंट मिल में काम करने वाले कुछ परिचितों की ओर से था जिन्होंने उसे पार्टी में बुलाया था। इसके बाद अश्वनी अपने चार दोस्तों के साथ घर से निकल गया।

Muzaffarnagar News: सड़क बनी या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी? चार दिन में उखड़ने लगा भोपा-बहड़ा मार्ग

अश्वनी के भाई विशाल ने बताया कि परिवार की उससे आखिरी बार शाम करीब 6:00 बजे बात हुई थी, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। शाम करीब 7:30 बजे, उसकी पत्नी को पुलिस का फोन आया, जिसमें उन्हें बताया गया कि अश्वनी के साथ एक दुर्घटना हो गई है।

पिन्ना बाईपास पर मिला शव, मोटरसाइकिल गायब

भाई विशाल के अनुसार, जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि अश्वनी का शव शामली रोड और बाईपास इलाके के पास सड़क किनारे मिला है। विशाल ने एक अहम सवाल उठाया, अगर यह सड़क दुर्घटना थी, तो अश्वनी की मोटरसाइकिल कहां है? उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही बाइक गायब है।

परिवार को किसी साजिश का शक है और उन्होंने उन चार दोस्तों पर उंगली उठाई है, जिनके साथ अश्वनी जन्मदिन मनाने गया था। भाई का दावा है कि अश्वनी के मोबाइल फोन से मिले डेटा जिसमें वीडियो कॉल और तस्वीरें शामिल हैं में यही दोस्त दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने इन दोस्तों से पूछताछ की, तो उनमें से कुछ ने अश्वनी के साथ होने की बात से ही इनकार कर दिया।

Muzaffarnagar News: 500 रुपये फीस, फिर आधे घंटे का इंतजार… पारस नर्सिंग होम को लेकर शिकायतकर्ता ने उठाए सवाल

परिजनों ने पुलिस स्टेशन को घेरा, कार्रवाई की मांग की

युवक की मौत के बाद उसके परिजन पुलिस से कार्रवाई की मांग करने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने इस घटना को "सड़क दुर्घटना" बताए जाने पर सवाल उठाए, हत्या की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों की ओर से एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पुलिस हत्या और दुर्घटना, दोनों पहलुओं से कर रही जांच

इस मामले पर ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि खलापार इलाके में शामली रोड पर एक युवक का शव मिला है। कुछ परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और सबूत जुटाने में लगी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 November 2026, 6:47 PM IST