
पुलिस मुठभेड़ में शातिर चोर हुआ गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने वाले दो बदमाशों का सामना आखिरकार पुलिस से हो गया। नई मंडी थाना पुलिस ने चोरी की घटना के महज 72 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे और गन्ने के खेत का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी का फरार साथी रिश्ते में उसका साला बताया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के पास से चोरी किया गया गैस सिलेंडर, अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी कोई नया अपराधी नहीं, बल्कि चोरी और नकबजनी की कई वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ डेढ़ दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मामला मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र की बच्चन सिंह कॉलोनी का है। यहां रहने वाले ऋषभ देव शर्मा का मकान 29 और 30 अक्टूबर की रात बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बना लिया। आरोपी मकान में घुसे और वहां से नकदी, दो गैस सिलेंडर समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। जब मकान मालिक को चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मामले में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- दीवाली से पहले निकला दिवाला… देवरिया में अवैध गोदाम पर प्रशासन का छापा, 35 क्विंटल पटाखे जब्त
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सूरज कुमार राय ने चोरी का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके लिए नई मंडी थाना पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। लगातार जांच और सुराग जुटाने के बाद पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस ने चेकिंग और संदिग्ध वाहनों की निगरानी तेज कर दी।
सोमवार को नई मंडी थाना पुलिस पचेण्डा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों के पास एक गैस सिलेंडर भी था। पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबरा गए और मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाश कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल और गैस सिलेंडर छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी गन्ने के खेत का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। गिरफ्तार बदमाश की पहचान नवाब हैदर निवासी न्याजूपुरा, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान आफताब पुत्र दिलशाद के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक आफताब रिश्ते में नवाब हैदर का साला लगता है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। वहीं फरार आफताब की तलाश में पुलिस टीमों ने आसपास के गन्ने के खेतों में कॉम्बिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे और मौके से कई अहम सामान बरामद किए हैं। इनमें 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी किया गया गैस सिलेंडर और बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल शामिल है। इसके अलावा पुलिस को ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी इन उपकरणों की मदद से बंद मकानों को निशाना बनाते थे।
बरामदगी के आधार पर पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और उसका फरार साथी इससे पहले किन-किन चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करना भी पुलिस की नजर में अहम है, क्योंकि इससे आरोपियों की पहचान छिपाने में मदद मिल सकती थी।
ये भी पढ़ें- ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, गाय को बचाने के प्रयास में गंवाई जान
पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में नवाब हैदर ने बच्चन सिंह कॉलोनी में ऋषभ देव शर्मा के बंद मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि चोरी की वारदात में उसका साथी आफताब भी शामिल था। दोनों ने मिलकर मकान को निशाना बनाया था और वहां से नकदी, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी किया था।
इसके साथ ही आरोपी ने बरामद मोटरसाइकिल को लेकर भी अहम जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार नवाब हैदर ने बताया कि यह मोटरसाइकिल करीब एक महीने पहले उसने अपने साथी के साथ देहरादून से चोरी की थी। इसके बाद दोनों इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल अलग-अलग वारदातों में कर रहे थे। पुलिस अब आरोपी के इन बयानों की जांच कर रही है और चोरी की अन्य घटनाओं से भी उसके कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार नवाब हैदर का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और अन्य स्थानों पर चोरी, नकबजनी समेत डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि वह किन अन्य वारदातों में शामिल रहा है।
फिलहाल घायल नवाब हैदर का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। वहीं पुलिस की टीमें फरार आफताब को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं और आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 2 November 2026, 8:35 PM IST