
जाली नोटों के रैकेट का भांडाफोड़ (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नकली करेंसी चलाने वाले गैंग का खुलासा किया है। बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान वैगनआर कार सवार तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 लाख रुपये की नकली करेंसी, तीन मोबाइल फोन और एक वैगनआर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम, माजिद और जीशान के रूप में हुई है।
दरअसल, बुढ़ाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग इलाके में नकली करेंसी चलाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पुलिस को बड़ी मात्रा में नकली करेंसी मिली।
ये भी पढ़ें - Muzaffarnagar कांवड़ यात्रा: फूलों की बारिश से महका यात्रा मार्ग, जनप्रतिनिधियों ने किया शिवभक्तों का भव्य स्वागत
पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से नकली नोटों के अलावा मोबाइल फोन और कार भी जब्त कर ली।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका एक अंतरराज्यीय गैंग है। यह गैंग मेरठ के मवाना क्षेत्र निवासी साहिल और शाहनवाज नाम के आरोपियों से 40 हजार रुपये में 1 लाख रुपये की नकली करेंसी मंगवाता था।
आरोपियों के मुताबिक साहिल और शाहनवाज बेंगलुरु निवासी माइकल फर्नांडीज से 30 हजार रुपये में 1 लाख रुपये की नकली करेंसी हासिल करते थे। नकली नोट कोरियर के माध्यम से बेंगलुरु से भेजे जाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नकली करेंसी की डिलीवरी लेने के बाद आरोपी QR कोड के माध्यम से रकम का भुगतान करते थे। इसमें 30 हजार रुपये बेंगलुरु भेजे जाते थे, जबकि 10 हजार रुपये साहिल और शाहनवाज को दिए जाते थे।
ये भी पढ़ें - Muzaffarnagar: बेरोजगार युवाओं का आंदोलन रुकने वाला नहीं…” राकेश टिकैत के बयान ने बढ़ाई सरकार की टेंशन
इसके बाद गैंग के सदस्य नकली नोटों को बाजार में अलग-अलग जगहों पर चलाते थे। इस पूरे नेटवर्क में आरोपी 40 हजार रुपये खर्च कर 1 लाख रुपये की नकली करेंसी हासिल करते थे और करीब 60 हजार रुपये का मुनाफा कमाते थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी माजिद वर्ष 2023 में दुबई गया था और वहां कुछ समय तक रहा था। पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि माजिद की मुलाकात कुछ पाकिस्तानी नागरिकों से हुई थी।
इस जानकारी के बाद इंटेलिजेंस टीम और स्थानीय पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली करेंसी नेटवर्क का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई कनेक्शन है या नहीं।
मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बुढ़ाना पुलिस ने नकली करेंसी के मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क का कनेक्शन बेंगलुरु से जुड़ा मिला है।
उन्होंने बताया कि एक आरोपी सलीम इस पूरे नेटवर्क का मुख्य कड़ी है, जिसके जरिए नकली करेंसी का सिस्टम चल रहा था। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम बेंगलुरु भेजी जा रही है।
ये भी पढ़ें - Muzaffarnagar: शादी के बाद खुला बड़ा राज? नाम बदलने के आरोप से मचा हंगामा
एसएसपी ने कहा कि इस मामले में इंटेलिजेंस टीम भी जांच कर रही है और जो भी लोग इस नेटवर्क से जुड़े पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में NSA जैसी कठोर कार्रवाई करने की भी बात कही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 6 August 2026, 7:17 PM IST