
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरसौली स्थित बैंक में सेंध लगाकर चोरी के प्रयास और 33 केवी विद्युत लाइन से करीब नौ कुंतल तार चोरी करने की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में छह शातिर आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूरे चोरी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर 3:30 बजे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह बैंक में सेंधमारी के साथ-साथ बिजली विभाग के महंगे तारों की चोरी जैसी वारदातों को भी अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक 11 जुलाई को हरसौली स्थित बैंक शाखा की दीवार में सेंध लगाकर कैश सेफ तोड़ने का प्रयास किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई को केवी पुरा-काकड़ा लाइन से बड़ी मात्रा में विद्युत तार चोरी कर लिया गया था। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं।
ये भी पढ़ें- Maharajganj IT Raid: आयकर विभाग की बड़ी स्ट्राइक, दो बड़ी राइस मिलों पर एक साथ छापेमारी से हड़कंप
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह तक पहुंच बनाई। बुधवार देर रात 11:30 बजे शाहपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन (छोटा हाथी), करीब नौ कुंतल चोरी किया गया विद्युत तार, दो तमंचे, कारतूस, चार अवैध चाकू तथा प्लास, कटर सहित चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए।
SP देहात महादिक अक्षय संजय का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। अब यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने आसपास के जिलों में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। बरामद विद्युत तार को संबंधित मुकदमे से जोड़ते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- पति और दो बेटों को खोया, अब बहुओं ने छीनी छत, लखनऊ में बुजुर्ग मां पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि गिरोह के आपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है और अन्य मामलों में संलिप्तता मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 30 July 2026, 7:33 PM IST