उसने मेरे पति को नहीं छोड़ा, पुलिस ने उसे क्यों छोड़ा?’ मुमताज की पत्नी का छलका दर्द, बोली- ‘अधूरा इंसाफ

कानपुर के भीतरगांव क्षेत्र के देवसढ़ गांव में हुए मुमताज हत्याकांड के मुख्य आरोपी शोयल खान उर्फ रानू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। हालांकि, मुमताज के परिवार ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। मृतक की पत्नी शाहजहां ने कहा कि पति की आंखों के सामने बेरहमी से हत्या की गई थी और वह आरोपी के लिए मौत की सजा चाहती हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 August 2026, 1:48 PM IST

Kanpur: कानपुर में मुमताज हत्याकांड के बाद अब पुलिस की कार्रवाई ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। जिस आरोपी को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद दबोचा, उसके जिंदा बच जाने से मृतक का परिवार गुस्से में है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शोयल खान उर्फ रानू ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। लेकिन मुमताज की पत्नी शाहजहां का कहना है कि उनके पति की जिस बेरहमी से हत्या की गई, उसके बाद आरोपी का जिंदा बचना उन्हें मंजूर नहीं है। उनका कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई तो की, लेकिन उन्हें पूरा न्याय नहीं मिला।

‘मेरी आंखों के सामने पति को काट डाला’

मृतक मुमताज की पत्नी शाहजहां आज भी उस रात को याद करके कांप उठती हैं। उनका कहना है कि हमलावरों ने उनकी आंखों के सामने उनके पति पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला किया था। शाहजहां के मुताबिक, वारदात का खौफनाक मंजर आज भी उनकी आंखों के सामने घूमता है। वह कहती हैं कि वह घटना को चाहकर भी भूल नहीं सकतीं। परिवार को उम्मीद थी कि पुलिस मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराएगी, लेकिन जब आरोपी घायल हालत में जिंदा पकड़ा गया तो परिवार की नाराजगी सामने आ गई।

आरोपी जिंदा रहा तो परिवार को खतरा

मुमताज की मां आबदा बेगम भी बेटे की हत्या से पूरी तरह टूट चुकी हैं। उनका कहना है कि जब तक आरोपी जिंदा है, तब तक परिवार को खतरा बना रहेगा। आबदा बेगम ने आशंका जताई कि आरोपी जेल में रहने के बावजूद उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकता है। परिवार की इस आशंका ने पुलिस के सामने सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

कानपुर में आशिकी का खूनी अंत! एक प्रेमिका, दो प्रेमी और पेट में पलता ‘राज’… अब सुई से निकलेगा खून और बेनकाब होगा कातिल

‘बच्ची बड़ी होगी तो क्या जवाब देंगे?’

मुमताज के भाई भूरा खान उर्फ सफी मोहम्मद भी इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। भाई की हत्या का जिक्र करते हुए वह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके भाई की बेहद बेरहमी से हत्या की गई थी। उनका कहना है कि अगर पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को मार गिराती तो परिवार को कुछ सुकून मिलता।

तड़के तीन बजे पुलिस से हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार रविवार तड़के करीब सवा तीन बजे कुंदौली भट्ठा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की नजर एक संदिग्ध पर पड़ी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह कथित तौर पर भागने लगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पीछा कर रही टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया।

मुमताज का चचेरा भाई है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार शोयल खान मुमताज का चचेरा पारिवारिक भाई है। पुलिस अब इस हत्याकांड में उसकी भूमिका और वारदात के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद से शोयल लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दे रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फरारी के दौरान अपना हुलिया बदलने के लिए सिर के बाल तक मुंडवा लिए थे। पैसे खत्म होने के बाद वह वापस कानपुर आया और पुलिस की निगरानी में आ गया।

बिछड़ गई मां की ममता, अनाथ हुए दो मासूम; कानपुर में दहेज दानवों ने ली सुमन की जान, पन्नों में रह गया गहरा दर्द

व्हाट्सऐप पर धमकियां देने का आरोप

मामले में यह भी आरोप है कि फरारी के दौरान शोयल ने पीड़ित परिवार को व्हाट्सऐप पर ऑडियो मैसेज भेजकर धमकाया था। पुलिस अब इन धमकियों और आरोपी के संपर्कों की भी जांच कर रही है। अगर जांच में ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला और गंभीर हो सकता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि उसने फरारी के दौरान किन लोगों से संपर्क किया और उसे किसने मदद पहुंचाई।

आठ अगस्त की रात हुई थी वारदात

मुमताज की हत्या आठ अगस्त की आधी रात देवसढ़ गांव के बाहर खेतों में बने मकान में हुई थी। आरोप है कि हमलावरों ने मुमताज पर धारदार हथियारों से हमला किया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि वारदात के दौरान मुमताज की पत्नी शाहजहां और उनकी महज पांच महीने की बेटी मंतशा भी मौके पर मौजूद थीं। शाहजहां को भी हमलावरों ने धारदार हथियार से घायल कर दिया था।

अब तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश

पुलिस इस मामले में अब तक कई आरोपियों तक पहुंच चुकी है। मुख्य आरोपी शोयल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजर अब तीसरे मददगार आरोपी धर्मेंद्र पर है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

Location :  Kanpur

Published :  16 August 2026, 1:48 PM IST