
2 करोड़ के गबन मामले में गिरफ्तारी
Gorakhpur: गोरखपुर में करोड़ों रुपये के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फर्जी बिल, कूटरचना और डिजिटल धोखाधड़ी के जरिए करीब 2 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजर में था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को इस पूरे गबन नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासों की उम्मीद है।
पूरा मामला गोरखपुर के थाना कैंट क्षेत्र का है। पुलिस ने रवि प्रताप विश्वकर्मा पुत्र राजाराम विश्वकर्मा निवासी रामपुर जंगल छितौनी थाना हनुमानगंज, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी करोड़ों रुपये के गबन मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वादिनी की दुकान में कैशियर और सेल्समैन के तौर पर काम करते थे। इसी दौरान आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से बिलों में कूटरचना कर लेनदेन में हेरफेर शुरू कर दी। फर्जी बिल और डिजिटल रिकॉर्ड में बदलाव कर करीब 2 करोड़ रुपये का गबन कर लिया गया।
अब मिनटों में तय होगा सफर! गोरखपुर का 450 करोड़ का ड्रीम फ्लाईओवर तैयार
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। इसी दौरान उपनिरीक्षक गिरीश मिश्रा अपनी टीम के साथ आरोपी की तलाश में जुटे थे और आखिरकार रवि प्रताप विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब रवि प्रताप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पूरे नेटवर्क और पैसों के लेनदेन से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
जमीन विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, गोरखपुर गांव में दो पक्षों में ऐसा क्या हुआ कि मच गया बवाल?
थाना कैंट में इस मामले में मु0अ0सं0 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धाराओं 65, 66ग और 66घ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 29 May 2026, 6:18 PM IST