हिंदी
जमीन विवाद ने लिया खौफनाक मोड़
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र से एक बार फिर जमीन विवाद ने हिंसा का ऐसा रूप ले लिया कि पूरा गांव दहशत में आ गया। बाथ बुजुर्ग गांव में पुरानी रंजिश और जमीन के झगड़े को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला लाठी-डंडों, पाइप और जानलेवा हमले तक पहुंच गया। दोनों ओर से हुई इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए और इलाके में तनाव का माहौल फैल गया। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए 16 लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला गोला थाना क्षेत्र के बाथ बुजुर्ग गांव का है, जहां लंबे समय से चल रहा जमीन विवाद और पुरानी रंजिश अचानक भड़क उठी। गुरुवार रात करीब आठ बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई।
बारिश में भी नहीं टूटी कतारें, लेकिन सिलेंडर ने फिर दिया धोखा- गोरखपुर में हाहाकार
पहले पक्ष के जितेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और चल रहे जमीन विवाद में सुलह करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर मामला बिगड़ गया और आरोप है कि लाठी-डंडे और पाइप से हमला कर दिया गया। इस हमले में जितेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने आए उनके चचेरे भाई अरविंद सिंह और रायवेंद्र सिंह को भी बुरी तरह पीटा गया।
वहीं दूसरे पक्ष के अमरनाथ सिंह ने भी पुलिस को तहरीर देकर पलटवार किया है। उनका आरोप है कि वह अपने भाई के साथ गोरखपुर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज के बाद मारपीट की गई, मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और उनकी चार पहिया गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वाहन का शीशा तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
नेपाल बॉर्डर से यूपी तक फैला था चरस तस्करी का नेटवर्क, STF ने गोरखपुर में दबोचा गिरोह का सदस्य
इस पूरी घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज कराया गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है ताकि स्थिति और न बिगड़े।
Location : Gorakhpur
Published : 29 May 2026, 1:56 PM IST