हिंदी
मोगा में सरेआम फायरिंग से मचा हड़कंप (Img- X)
Moga: पंजाब के मोगा में रविवार शाम एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई। अंगदपुरा मोहल्ले में घर के बाहर खड़े चार युवकों पर हथियारबंद हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दो युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7:15 बजे साहिल जिंदल उर्फ लडी, गगन, राघव और सुखप्रीत अपने घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी बिना नंबर प्लेट की एक स्कॉर्पियो गाड़ी वहां पहुंची। उसमें सवार हथियारबंद युवकों ने पहले चारों से किसी व्यक्ति के बारे में पूछताछ की। इसके तुरंत बाद हमलावरों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हमलावरों की गोलीबारी में चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और घायलों को बचाने की कोशिश की गई।
पंजाब में हैवानियत की सारी हदें पार, मासूम बच्ची को मिठाई का लालच देकर किया शर्मनाक कांड
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गगन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल साहिल जिंदल उर्फ लंडी को बेहतर उपचार के लिए लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल ले जाया गया। वहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। दूसरी ओर, राघव और सुखप्रीत की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है। शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
जांच में जुटी पुलिस (Img- X)
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी सरताज सिंह चाहल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर कब्जे में लिए। फुटेज के जरिए हमलावरों की गाड़ी के आने-जाने के रास्ते और आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Punjab Strike: पंजाब में तीन लाख कर्मचारियों का आंदोलन शुरू, जानें क्या-क्या हुआ प्रभावित
एसएसपी सरताज सिंह चाहल के मुताबिक, आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी की जा रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल वारदात के पीछे की असली वजह और गोलीबारी में शामिल लोगों के बारे में जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
Location : Moga
Published : 26 October 2026, 11:29 AM IST