भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, पैटर्न तोड़कर बेचते थे मोबाइल, विंध्याचल पुलिस ने दबोचे 3 शातिर चोर

विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन और गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल आखिर कौन चुरा रहा था? पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 October 2026, 2:32 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले विंध्याचल थाना पुलिस ने मंदिर परिसर और गंगा तट पर दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल व सामान चोरी करने के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाते थे।

मोबाइल चोरी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र निवासी प्रियान्सु चौहान ने गंगा स्नान के दौरान मोबाइल चोरी होने की शिकायत विंध्याचल थाने में दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

Navratri: मिर्जापुर में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ के लिए प्रशासन ने कसी कमर, DM और SP ने परखा मेला क्षेत्र का सुरक्षा प्रबंध

नवरात्र मेले से पहले पुलिस ने बढ़ाई सक्रियता

शारदीय नवरात्र मेला 11 अक्टूबर से शुरू होना है। मेले के दौरान विंध्याचल धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज की। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर और गंगा तट पर श्रद्धालुओं के साथ होने वाली चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे।

मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार

इसी क्रम में उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ जांच में जुटे थे। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना के आधार पर मुकदमे से संबंधित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष चंद्र निवासी इटावा, हाल पता नई बस्ती कचरिया थाना विंध्याचल, शाहरुख अली निवासी कंतित मजार के पास थाना विंध्याचल और अवधेश कुमार निवासी छोटी महुआरिया थाना विंध्याचल के रूप में हुई है।

मिर्जापुर के लहुरियादह स्कूल निर्माण में वन विभाग का रोड़ा, पैमाइश पर उठे गंभीर सवाल

तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन और अन्य सामान मौका देखकर चोरी करने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शाहरुख चोरी के मोबाइल और अन्य सामान की खरीद-बिक्री करता था। इसके अलावा चोरी किए गए मोबाइल के पैटर्न को तोड़कर उन्हें दोबारा बेचने की बात भी पुलिस ने बताई है।

आरोपियों को भेजा गया जेल

विंध्याचल थाना पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। नवरात्र मेले को देखते हुए पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सतर्कता बढ़ाई जा रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  8 October 2026, 2:32 PM IST