पुलिस सोती रही, चोर उड़ा ले गए लाखों सामान! थाने के चंद कदमों की दूरी पर दुस्साहसिक चोरी से इलाके में मचा हड़कंप

मिर्जापुर के संतनगर थाना क्षेत्र में थाने से महज 200 मीटर दूर चोर छत के रास्ते घर में घुस गए। बदमाश 20 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का दावा किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 August 2026, 4:17 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के संतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के करीब होने के बावजूद चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सहरसा गांव में चोर छत के रास्ते एक घर में घुसे और 20 हजार रुपये नकद के साथ करीब दो लाख रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार संतनगर थाना क्षेत्र के सहरसा गांव निवासी कियामत अली बुधवार रात भोजन के बाद परिवार के साथ सो गए थे। देर रात करीब 12 बजे चोर घर के पीछे बांस की सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे और वहां से आंगन में उतर गए।

इसके बाद चोरों ने कमरे की सिटकनी खोलकर अंदर रखे बक्से और अटैची को खंगाल लिया। आरोप है कि चोर 20 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये के सोने के आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, मांगटीका और क्लिप सहित अन्य जेवर शामिल थे, लेकर फरार हो गए।

Mirzapur: “मां! अब हम किसको बांधेंगे राखी”… चीख-चीखकर 4 बहनें पूछ रही सवाल, इस गलती से बुझ गया घर का इकलौता चिराग

सुबह बिखरा मिला सामान

गुरुवार सुबह जब परिवार की आंख खुली तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और सामान बिखरा पड़ा था। बक्सा और अटैची गायब थे। शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण आसपास तलाश करने निकले तो घर से कुछ दूरी पर टूटे हुए बक्से और अटैची पड़े मिले, जबकि उनमें रखा कीमती सामान गायब था।

घटना की सूचना मिलते ही संतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

Mirzapur: छात्रों के जोश और नागरिकों के जुनून से बदला मिर्जापुर का मंजर, तिरंगामय हुआ पूरा शहर

ग्रामीणों ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि घटना संतनगर थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री खुलेआम हो रही है, जिससे चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो महीनों में आधा दर्जन से अधिक गांवों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

पुलिस ने जल्द खुलासे का किया दावा

संतनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मामले के खुलासे के लिए टीम बनाई गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Location :  Mirzapur

Published :  14 August 2026, 4:17 PM IST