
माफियाओं ने दलित परिवारों का ढहाया आशियाना (Img: Dynamite News)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र स्थित सीखड़ गांव में दलित परिवारों ने दबंगों पर जेसीबी चलाकर उनके मकान ध्वस्त करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ितों का कहना है कि वे वर्षों से आबादी की जमीन पर मकान बनाकर रह रहे थे, लेकिन दबंगों ने जेसीबी चलाकर उनका आशियाना उजाड़ दिया।
कलेक्ट्रेट पहुंचे पीड़ितों का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों ने जबरन जेसीबी चलाकर उनके मकानों को गिरा दिया। उनका कहना है कि इस कार्रवाई के बाद कई परिवार बेघर हो गए हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों का आरोप है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें डांटकर भगा दिया गया। उनका कहना है कि दबंगों के प्रभाव के चलते पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि दलित होने के कारण उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
दलित समाज के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, क्षतिग्रस्त मकानों का उचित मुआवजा और परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
Location : Mirzapur
Published : 23 July 2026, 11:36 AM IST