
एक सप्ताह पहले भी मिले थे चार पासपोर्ट (Img: Dynamite News)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के कछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा मितई के तुलापुर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब तालाब में मछली पकड़ रहे ग्रामीणों को एक संदिग्ध बोरी मिली। उत्सुकतावश जब ग्रामीणों ने बोरी खोली तो उसमें कंकड़-पत्थरों के साथ कई पासपोर्ट मिले। ग्रामीणों के मुताबिक, बोरी से कुल 26 पासपोर्ट बरामद हुए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। लगभग एक सप्ताह पहले भी इसी तालाब के आसपास से चार पासपोर्ट मिले थे, जिन्हें ग्राम प्रधान के पास सुरक्षित रखा गया है। लगातार पासपोर्ट मिलने की घटनाओं ने इस मामले को और अधिक रहस्यमयी बना दिया है। बरामद पासपोर्टों में से एक गांव के ही एक व्यक्ति का बताया जा रहा है।
बदला मौसम का मिजाज: नोएडा समेत पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश, लोगों को मिली गर्मी से राहत
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 पर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने उनसे अगले दिन सभी पासपोर्ट थाने में जमा कराने को कहा, लेकिन उन्हें लेने के लिए कोई अधिकारी या पुलिस टीम गांव नहीं पहुंची।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश लोग दिहाड़ी मजदूर हैं। यदि वे खुद थाने जाकर पासपोर्ट जमा करेंगे, तो उनकी एक दिन की मजदूरी का नुकसान होगा। उनका सवाल है कि जब पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है, तो बरामद दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेने की जिम्मेदारी पुलिस की क्यों नहीं है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने पासपोर्ट तालाब तक पहुंचे कैसे? क्या यह किसी बड़े अपराध, दस्तावेजों की चोरी या किसी अन्य साजिश से जुड़ा मामला है? पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और बरामद दस्तावेजों की सत्यता तथा उनके मालिकों की पहचान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
Location : Mirzapur
Published : 7 July 2026, 3:00 PM IST
Topics : crime news Mirzapur Newsx UP News