Murder in UP: दो कलयुगी पोतों ने 82 वर्षीय दादा की गोली मारकर की हत्या; जानिये हैरान करने वाली वजह

मेरठ के करनावल में जमीनी के विवाद केचलते दो पोतों ने अपने 82 वर्षीय दादा की पहले गोली मारकर फिर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 26 June 2026, 5:02 PM IST

Meerut: उत्तर प्रदेश के  मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र के करनावल कस्बे में जमीन के विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। 20 बीघा जमीन के कथित विवाद में दो पोतों ने अपने ही 82 वर्षीय दादा की पहले गोली मारकर और फिर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

चौपाल पर बैठे दादा पर अचानक बोला हमला

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात भोजन के बाद 82 वर्षीय विजयपाल गांव की चौपाल पर दो ग्रामीणों के साथ बैठे हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के विजयपाल के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाकर भाग निकले।

गोली मारने के बाद चाकू से किए कई वार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली लगने के बाद भी हमलावर नहीं रुके। उन्होंने जमीन पर गिरे विजयपाल पर चाकू से लगातार कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीसीटीवी फुटेज से खुली आरोपियों की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दोनों आरोपियों की पहचान मृतक के पौत्र निक्की और सागर के रूप में हुई। मृतक के पौत्र भानू की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

20 बीघा जमीन बनी खूनी विवाद की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि विजयपाल के पास कुल 80 बीघा कृषि भूमि थी। उन्होंने पहले ही अधिकांश संपत्ति अपने बेटों के परिवारों में बांट दी थी, जबकि 20 बीघा जमीन अपने भरण-पोषण के लिए अपने पास रखी थी। बताया जा रहा है कि वह इस जमीन को अपने दिवंगत बेटे के परिवार के नाम करने की तैयारी में थे। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

Location :  Meerut

Published :  26 June 2026, 5:02 PM IST