
आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की (Img: Pinterest)
Mathura: मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस, स्वाट टीम और थाना महावन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपहरण, लूट, छेड़छाड़ और अन्य गंभीर मामलों में वांछित था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बदमाश बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से यमुना एक्सप्रेसवे के हथौड़ा अंडरपास की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। जैसे ही संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश उर्फ भूरा (35 वर्ष) पुत्र राधारमण, निवासी जुलेंडी, थाना गोवर्धन (वर्तमान पता नगला साखी, हरिकृपा धाम कॉलोनी, गोवर्धन) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार राय ने बताया कि ओमप्रकाश उर्फ भूरा के खिलाफ बलदेव, महावन, गोवर्धन और कोतवाली थानों में अपहरण, लूट, छेड़छाड़, मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 9 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित था। मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के साथ इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Location : Mathura
Published : 11 July 2026, 11:50 AM IST
Topics : Mathura Police Encounter up crime