
मथुरा सीसीटीवी फुटेज (Img: X)
Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा में रुपयों के विवाद में दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कार सवार लोगों ने मां-बेटी को टक्कर मारकर बोनट पर गिरा दिया और करीब दो किलोमीटर तक कार दौड़ाते रहे। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला थाना जमुनापार क्षेत्र के पानीगांव का है। जानकारी के मुताबिक, दो नवंबर की रात रुपयों के लेन-देन को लेकर कार सवार लोगों और एक परिवार के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि कार सवार लोग महिला के घर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। विवाद बढ़ने पर महिला और उसकी बेटी ने कार के सामने खड़े होकर आरोपियों को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोप है कि कार सवारों ने गाड़ी रोकने के बजाय दोनों को टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ें: Mathura News: महोली में दोस्तों के बीच विवाद के बाद युवक की मौत, आरोपी विकास उर्फ विशाल की तलाश में जुटी पुलिस
टक्कर लगने से मां-बेटी कार के बोनट पर जा गिरीं। इसके बावजूद कार सवारों ने वाहन नहीं रोका और दोनों को लेकर करीब दो किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाते रहे। इस खतरनाक घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों की चीख निकल गई। बताया गया है कि आरोपी मांट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मां-बेटी को छोड़कर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: Mathura News: पहले महिलाओं के मन में पति के खिलाफ भरा शक, फिर उड़ाए लाखों के गहने
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और पानीगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मां-बेटी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रही घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mathura
Published : 4 November 2026, 2:15 PM IST