
सीतापुर में घर में लगी भीषण आग (IMG: Dynamite News)
Sitapur: सीतापुर के गोपालापुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर में शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। उस वक्त परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसकी 40 वर्षीय मां गंभीर रूप से झुलस गई। लखनऊ ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, 17 वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से झुलसी है और उसका इलाज चल रहा है।
घटना रविवार सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। गोपालापुर गांव में परिवार के लोग उस समय घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग पहले घर के एक हिस्से में लगी और देखते ही देखते तेजी से फैल गई। घर में पेट्रोल केन में रखा होने की वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि परिवार के लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
हादसे में सबसे दर्दनाक मौत 11 वर्षीय कृष्णा की हुई। आग इतनी भयानक थी कि वह घर से बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आग बुझाने के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की मौत की खबर सामने आते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है।
हादसे में कृष्णा की मां गौरी भी गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उन्हें और उनकी बेटी काजल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही गौरी ने दम तोड़ दिया। इस तरह कुछ ही घंटों के भीतर परिवार ने मां और बेटे को खो दिया।
गोपालापुर निवासी कमलेश ने बताया कि वह रविवार सुबह अपनी दुकान पर समोसा तैयार कर रहा था। सुबह करीब पौने सात बजे उसे अचानक घर की तरफ से आग की लपटें दिखाई दीं। वह तुरंत घर की ओर दौड़ा, लेकिन गांव के लोगों ने उसे अंदर जाने से रोक दिया क्योंकि आग बेहद तेजी से फैल रही थी। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घर में पेट्रोल केन में रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि पेट्रोल घर में बेचने के लिए रखा गया था। हालांकि पेट्रोल वहां किस मात्रा में रखा था और आग लगने की सटीक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चौबे और मिश्रिख समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से जानकारी ली।
Location : Sitapur
Published : 13 September 2026, 2:21 PM IST