
महिला टीचर पर केमिकल फेंककर भागा था आरोपी (img: AI Generated)
Kanpur: कानपुर के रावतपुर और कल्याणपुर इलाके में महिलाओं और युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी साइकिल से निकलता था और रास्ते में अकेली दिखने वाली महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। आरोपी ने बताया कि महिलाओं के चीखने और दर्द से तड़पने पर उसे अजीब तरह का आनंद मिलता था।
मामला उस वक्त सामने आया जब रविवार को कल्याणपुर क्षेत्र के बरसायतपुर की रहने वाली एक महिला टीचर कोचिंग पढ़ाने जा रही थीं। सीएसजेएम यूनिवर्सिटी के पास साइकिल सवार मो. दिलशाद ने उनके ऊपर टाइल्स जोड़ने वाला ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। केमिकल पड़ते ही महिला दर्द से चीखने लगीं। उनके हाथ में तेज जलन होने लगी। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनकी त्वचा भी प्रभावित हो गई। घटना के बाद आरोपी साइकिल से तेजी से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक साइकिल सवार युवक दिखाई दिया। युवक ने कुर्ता-पजामा पहना हुआ था और पीठ पर बैग टंगा था। जांच में पता चला कि शनिवार को भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं। शारदानगर इलाके में नेट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा और एक नर्सिंग का काम करने वाली युवती को भी निशाना बनाया गया था।
कानपुर झकरकटी बस अड्डे का बदलेगा पूरा स्वरूप, 143 करोड़ की योजना पर जल्द शुरू होगा काम
पुलिस की टीमों ने संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की। रविवार देर शाम आरोपी मो. दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पत्थर कारीगर के साथ मजदूरी करता है। इसी काम में इस्तेमाल होने वाला पत्थर जोड़ने वाला केमिकल वह बोतल में भरकर साइकिल से निकलता था और महिलाओं पर फेंक देता था। उसने पुलिस को बताया कि केमिकल फेंकने के बाद वह दूर खड़े होकर महिलाओं को देखता था। उनके परेशान होने और चीखने पर उसे मजा आता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के मोबाइल की जांच में कई अश्लील वीडियो मिले हैं। आरोपी के व्यवहार और गतिविधियों को देखते हुए पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। साल 2022 में वह काकादेव क्षेत्र में एक किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोप है कि उसने किशोरी को सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी। इस मामले में उसे जेल भेजा गया था और करीब छह महीने बाद वह जमानत पर बाहर आया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से ज्वलनशील केमिकल की बोतलें और 510 ग्राम चरस मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस तरह की कितनी और घटनाओं को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
Location : Kanpur
Published : 23 June 2026, 2:00 PM IST