गले में रस्सी डालकर घसीटा, लाठी-डंडों से पीटा; वायरल वीडियो के बाद सामने आया युवक की मौत का खौफनाक मामला

कानपुर के शिवली थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर 45 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि छह लोगों ने युवक के गले में रस्सी डालकर उसे घसीटा और लाठी-डंडों व लोहे के पाइप से पीटा। गंभीर हालत में हैलट अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 October 2026, 1:16 PM IST

Kanpur News: कानपुर के शिवली थाना क्षेत्र के जुरावरपुर गांव में रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक के गले में रस्सी डालकर उसे घसीटते और लाठी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि महिला और पुरुषों ने मिलकर युवक पर लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले शिवली सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रंजिश में शुरू हुआ विवाद

जुरावरपुर गांव निवासी रामसनेही (45) का गांव के ही रामस्वरूप से किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, रविवार रात करीब 11:30 बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के बाद रामस्वरूप पक्ष के लोगों ने रामसनेही को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मृतक की बहन रजनी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में रामस्वरूप, उसकी पत्नी रामकुमारी, बेटे अंकुश और बेटियों तन्नू, रीना व प्रिया को नामजद किया गया है।

गारंटीड रिटर्न का झांसा और रिवॉल्वर की नोक पर धमकी, कानपुर में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 15 लाख ठगने वाले चारों आरोपी बेनकाब

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा मारपीट का मंजर

घटना के बाद सामने आए कथित वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो में एक युवक के गले में रस्सी बंधी दिखाई दे रही है। कुछ लोग उसे रस्सी के सहारे घसीटते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उसके साथ मारपीट भी की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो कब और किस स्थान पर बनाया गया, इसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा युवक

मारपीट में रामसनेही गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायल रामसनेही को लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कानपुर में कल होगी UPPSC परीक्षा का कड़ा इम्तिहान, 23 केंद्रों पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

छह नामजद आरोपियों पर हत्या की FIR

रामसनेही की मौत के बाद उसकी बहन रजनी की तहरीर पर शिवली पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। मुकदमे में रामस्वरूप, उसकी पत्नी रामकुमारी, बेटे अंकुश और बेटियों तन्नू, रीना व प्रिया के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की क्या वजह थी और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Location :  Kanpur

Published :  5 October 2026, 1:16 PM IST