
नौकरी के नाम पर ठगी का बड़ा खेल (IMG: Dynamite News)
Sitapur: सीतापुर में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह के सदस्य खुद को रसूखदार दिखाने के लिए महिंद्रा थार पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का फर्जी पास लगाकर घूमते थे। इसके बाद बेरोजगार लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया जाता और धीरे-धीरे उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड और पासबुक अपने कब्जे में लेकर वित्तीय धोखाधड़ी की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने लोगों को प्रभावित करने के लिए महिंद्रा थार पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का कूटरचित पास लगा रखा था। गाड़ी और फर्जी पास देखकर सामने वाला व्यक्ति उन्हें प्रभावशाली और पहुंच वाला समझ लेता था।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह का मकसद केवल नौकरी का झांसा देना नहीं था। आरोपित लोगों के बैंक खातों और एटीएम से जुड़ी जानकारी हासिल कर उनका इस्तेमाल वित्तीय धोखाधड़ी में करते थे।
पानी नहीं बचा तो संकट बढ़ेगा… सीतापुर की सरायन नदी बनी नाला, 1000 पार TDS के दावे से बढ़ी चिंता
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जिले में अपराध और ठगी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी आलोक सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम को गिरोह के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने गंगाधर मिश्र कॉलोनी मोड़ के पास घेराबंदी की और तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आयुष यादव पुत्र सुनील यादव निवासी जीडीसी कॉलेज, थाना खैराबाद, शौर्य कन्नौजिया पुत्र राकेश कुमार कन्नौजिया निवासी सदर बाजार, थाना कोतवाली नगर और आयुष यादव पुत्र संजीत सिंह यादव निवासी एबीडी कॉलोनी, रोटी गोदाम, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है।
सीओ सिटी कपूर कुमार के मुताबिक आरोपितों के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों में बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई चल रही थी। जांच के दौरान कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब आरोपितों के मोबाइल फोन और बरामद सामान की भी जांच कर रही है।
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि आरोपित नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को निशाना बनाते थे। सरकारी या अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पहले विश्वास हासिल किया जाता था। इसके बाद बैंकिंग से जुड़ी चीजें अपने कब्जे में लेकर उनका इस्तेमाल धोखाधड़ी के लिए किया जाता था।
Location : Sitapur
Published : 16 August 2026, 7:56 PM IST