दो बिस्वा जमीन के लिए खूनी बना बेटा! मां-पिता को कार से कुचला; बहन जिंदगी-मौत से जूझ रही

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में दो बिस्वा जमीन और मकान को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। बड़े बेटे पर माता-पिता और बहन को कार से कुचलने का आरोप है। हादसे में मां-पिता की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल है। आरोपी पत्नी और बच्चों के साथ फरार है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 November 2026, 7:00 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में जमीन और मकान के विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का रूप ले लिया। जिस बेटे को मां-बाप का सहारा बनना था, उसी पर अपने माता-पिता और बहन को कार से कुचलने का आरोप है। बताया जा रहा है कि महज दो बिस्वा जमीन और मकान को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने कथित तौर पर कार से बाइक सवार माता-पिता और बहन को जोरदार टक्कर मार दी।

जमीन और मकान को लेकर चल रहा था विवाद

यह पूरा मामला मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के दिवनपुर साहिनी गांव का है। गांव के रहने वाले अजीम खान का अपने बड़े बेटे अरमान के साथ दो बिस्वा जमीन और मकान को लेकर विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, अरमान अपने पिता से जमीन और मकान अपने नाम कराने की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था।

पढ़ने की उम्र में सहनी पड़ी बदसलूकी और मारपीट, मैनपुरी में पीड़िता का छलका दर्द, बोली- चाहिए निष्पक्ष न्याय

डायल 112 पर फोन कर पिता ने बुलाई पुलिस

रविवार को विवाद बढ़ने के बाद अजीम खान ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची, लेकिन उस समय अरमान मौके पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति देखी और अजीम खान को किशनी थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

मैनपुरी में दो बिस्वा जमीन के लिए खूनी खेल (IMG: Dynamite News)

रास्ते में कार लेकर इंतजार कर रहा था आरोपी बेटा

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे अजीम खान अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक से वापस गांव की ओर लौट रहे थे। आरोप है कि दिवनपुर मार्ग से पहले ही अरमान कार लेकर घात लगाए बैठा था। जैसे ही बाइक गांव की तरफ मुड़ी, अरमान ने कार से उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने तेज रफ्तार कार से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

मैनपुरी में SSR कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी का बड़ा एक्शन, पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त

इलाज के दौरान मां ने भी तोड़ा दम

हादसे में अजीम खान को इतनी गंभीर चोटें आईं कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी अख्तरी बेगम और बेटी गुल्फसा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए सैफई स्थित मिनी पीजीआई ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अख्तरी बेगम को मृत घोषित कर दिया।

पत्नी और बच्चों को लेकर फरार हुआ आरोपी

घटना की जानकारी मिलते ही किशनी थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। वारदात के बाद आरोपी अरमान अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, आरोपी की तलाश भी की जा रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  29 November 2026, 7:00 PM IST