हिंदी
तीन माह की मासूम से दुष्कर्म (Img: AI Generated Image)
Mainpuri: जनपद में तीन माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार शाम 40 वर्षीय युवक बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्ची के पिता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम आरोपी कन्हैया पुत्र नरेश सक्सेना उनके खेतों में खाद डालने के बाद घर आया था। आरोप है कि वह तीन माह की मासूम को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद आरोपी बच्ची को रोते हुए वापस लेकर आया और उसकी मां को सौंपते हुए कहा की ये चुप नहीं हो रही।
ये भी पढे़ं- नाव पर पक रहा खाना, घरों पर मंडरा रहा खतरा; लखीमपुर खीरी में बाढ़ का ऐसा कहर कभी नहीं देखा!
परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक बच्ची शांत नहीं हुई। इसी दौरान उसकी मां के हाथ में खून लगा तो उन्होंने बच्ची को देखा। आरोप है कि उसके निजी अंगों और शौच के अंग से खून निकल रहा था। परिजन बच्ची को गांव के ही एक चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन चिकित्सक ने उपचार से इनकार कर दिया।
देर रात तक बच्ची दर्द से रोती और चीखती रही। इसके बाद परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस बच्ची और परिजनों को सीएचसी बेवर लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
ये भी पढे़ं- सड़क पर गड्ढे या गड्ढों पर सड़क? Mirzapur की इन तस्वीरों ने खोली प्रशासन की पोल
बताया जा रहा है कि मासूम का सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी कन्हैया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Mainpuri
Published : 3 September 2026, 2:35 PM IST
Topics : mainpuri news POCSO Act up crime UP News