HDFC बैंक कर्मचारी बनकर अवर अभियंता के उड़ाये लाखों, OTP लेकर 3.99 लाख की ठगी

महराजगंज में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता से कथित ऑनलाइन वित्तीय साइबर ठगी के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि जालसाज ने खुद को HDFC बैंक का कर्मचारी और नाम दिनेश कुमार बताकर क्रेडिट कार्ड कैशबैक का झांसा दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 September 2026, 6:59 PM IST

Maharajganj: लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता के साथ कथित साइबर ठगी के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अवर अभियंता सतीश कुमार गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने खुद को HDFC बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड के कैशबैक का लालच दिया और OTP हासिल करने के बाद उनके बैंकिंग लेनदेन के साथ धोखाधड़ी की।

13 जुलाई को आया था बैंक कर्मचारी का फोन

तहरीर के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को शाम करीब चार बजे सतीश कुमार गौतम के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम दिनेश कुमार बताते हुए खुद को HDFC बैंक का कर्मचारी बताया। आरोप है कि उसने क्रेडिट कार्ड पर कैशबैक दिलाने की बात कही और इसी प्रक्रिया में OTP हासिल कर लिया।

क्रेडिट कार्ड से 99,408 रुपये के लेनदेन का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, OTP देने के बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 99,408 रुपये की रकम का लेनदेन कर लिया गया। इसके बाद उनके HDFC बैंक खाते से 3,11,901 रुपये का पर्सनल लोन कराकर रकम खाते में जमा होने की बात तहरीर में कही गई है।

ये भी पढ़ें- 5.77 लाख लेकर जमीन का सौदा, फिर दूसरे के नाम कर दी रजिस्ट्री! जानिए कौन है अजय प्रताप जिस पर दर्ज हुआ मुकदमा?

खाते में रकम आते ही रुपये ट्रांसफर करने का आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि लोन की रकम खाते में आने के तुरंत बाद उसमें से 2,99,999 रुपये एक IndusInd Bank के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। पुलिस को शिकायत के साथ संबंधित बैंक खाते और IFSC कोड समेत लेनदेन का विवरण भी दिया गया है।

कुल 3,99,407 रुपये की कथित ठगी

पुलिस को दिए गए विवरण के अनुसार क्रेडिट कार्ड से 99,408 रुपये और बैंक खाते से 2,99,999 रुपये ट्रांसफर किए गए। दोनों रकम को मिलाकर कुल 3,99,407 रुपये की कथित साइबर ठगी सामने आई है।

ये भी पढ़ें- मिर्जापुर में दबंगों की दहशत: युवक को जंगल में ले जाकर पीटा, बनाया वीडियो, दी जान से मारने की धमकी

कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली महराजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम-2008 की धारा 66D और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) का उल्लेख किया गया है।

पुलिस अब कॉल करने वाले मोबाइल नंबर, कथित बैंक खाते और रकम के ट्रांजेक्शन से जुड़े विवरणों की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि कथित साइबर ठगी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और रकम किस खाते में पहुंची।

Location :  Maharajganj

Published :  9 September 2026, 6:59 PM IST