
दोस्तों के साथ निकले 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत (Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को रोहिन नदी से 17 साल के किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। टेढ़ी गांव स्थित कानपुर नर्सरी के पास नदी से बरामद शव की पहचान परसामलिक थाना क्षेत्र के सिसहनिया उर्फ शीशमहल गांव निवासी तरुण उर्फ आशीष (17), पुत्र हरिश्चंद्र के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका (Img: Dynamite News)
परिजनों के अनुसार, तरुण शुक्रवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुरंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नदी में डूबने की आशंका के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और रोहिन नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब 24 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद शनिवार को एसडीआरएफ ने नदी से किशोर का शव बरामद कर लिया।
24 घंटे तक चला सर्च अभियान (Img: Dynamite News)
शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि तरुण की हत्या कर शव नदी में फेंका गया है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें शांत कराया और हर पहलू की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ पुरंदरपुर गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि मृतक के साथ गए दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि किशोर की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। फिलहाल पुलिस हादसा और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।
Location : Maharajganj
Published : 31 July 2026, 8:08 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Rohin River SDRF Search Operation Teenager Death