महराजगंज के रेगहिया पुल के पास एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रतीकात्मक चित्र
Maharajganj: महराजगंज में रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव पुल के पास संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शांत इलाके में अचानक फैली इस खबर ने लोगों को दहला दिया। शव गड्ढे में पड़ा था और हालात ऐसे थे कि हर किसी के मन में एक ही सवाल उठ रहा था- ये हादसा है या फिर कोई साजिश?
महराजगंज जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा रेगहिया पुल के पास रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों की नजर पुल के पास बने गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी। पहले तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब पास जाकर देखा गया तो एक युवक मृत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की कोशिश शुरू की। कुछ ही देर में मृतक की पहचान रमेश (28 वर्ष), पुत्र बेलाश, निवासी ग्राम सभा पिपरहवा के रूप में हुई। जैसे ही इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए और मौके पर पहुंचकर शव को देखकर उनकी हालत और बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं।