
CO के आश्वासन के बाद माने परिजन
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मामला इतना बढ़ गया कि करीब 36 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। प्रशासन के हस्तक्षेप और CO के आश्वासन के बाद ही परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
घटना ग्राम पंचायत धोतियहवा बनिया टोला की है, जहां सोमवार को दो पक्षों के बीच बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान 30 वर्षीय हरिप्रकाश की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हरिप्रकाश का अपने पट्टीदारों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान हुई मारपीट में उसकी पत्नी निशा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका सिर फट गया। घटना के बाद हरिप्रकाश अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर ससुराल के लिए निकल गया।
बताया जा रहा है कि रास्ते में ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई जिसके बाद परिजन उसे तत्काल बनकटी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
Maharajganj News: असलहे के साथ दफ्तर में घुसकर अफसर पर हमला… फिर हुआ बड़ा एक्शन
मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया, महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हरिप्रकाश को भी गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौत हुई। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की।
घटना के चौथे दिन नौतनवा के क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि तहरीर के आधार पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। CO के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और कुरहवा घाट पर अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद करीब 36 घंटे बाद युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
गोरखपुर: हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, दुकान में घुसकर किया था जानलेवा हमला
सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी और पीड़ित परिवार को अहेतुक सहायता दिलाने के लिए एसडीएम को भी अवगत करा दिया गया है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर मामले को शांत करा दिया है।
Location : Maharajganj
Published : 19 March 2026, 11:02 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police nautanwa police station UP News