“ट्रक से पटाखे उतरते ही पहुंची पुलिस”, महराजगंज में पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप, 50 लाख की खेप ने मचाया हड़कंप

महराजगंज के नौतनवा में ट्रांसपोर्ट परिसर में अचानक प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंची तो वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मामला बड़ी मात्रा में पटाखों से जुड़ा था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 September 2026, 3:34 PM IST

Maharajganj: जनपद के नौतनवा कस्बे में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रांसपोर्ट परिसर में ट्रक से बड़ी मात्रा में पटाखे उतारे जाने की सूचना प्रशासन और पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। टीम के पहुंचते ही ट्रांसपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रक से उतारे जा रहे थे पटाखे

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नौतनवा कस्बे के एक ट्रांसपोर्ट परिसर में ट्रक से बड़ी मात्रा में पटाखे उतारे जा रहे थे। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दे दी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार करण सिंह, थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह, उप निरीक्षक सुधीर कुमार और कांस्टेबल मनीष यादव समेत पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और परिसर में मौजूद पटाखों की जांच की। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री देखकर टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बरामद पटाखों को नौतनवा थाने लाया गया। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें- मां-बेटी की हत्या से दहला बलिया, घर में वारदात के बाद शव खेत में फेंका; पुलिस के सामने कई सवाल

ट्रांसपोर्ट परिसर तक कैसे पहुंचे पटाखे

अब पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे ट्रांसपोर्ट परिसर तक कैसे पहुंचे। पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां भेजा जाना था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही पटाखों के परिवहन और भंडारण से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद पटाखों के संबंध में संबंधित पक्ष के पास वैध लाइसेंस और अनुमति थी या नहीं। पटाखों की मात्रा, उनकी वैधता और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें- फिर इस तरीके से हुआ प्यारी भाभी और नटखट देवर के इश्क का अंत, बड़े भैया को रात 3 बजे की अंतिम कॉल

फायर ब्रिगेड की टीम ने की जांच

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री एक ट्रांसपोर्ट परिसर में उतारे जाने की सूचना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्ट परिसर से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। पटाखों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  17 September 2026, 3:34 PM IST