
'राजा जी के दिलवा टूट जाई' गाने पर शादी में हंगामा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोल्हुई क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब डीजे पर भोजपुरी गाना 'राजा जी के दिलवा टूट जाई' बजाने को लेकर घराती और बराती पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली बात पर शुरू हुई नोकझोंक देखते ही देखते तीखी बहस और हंगामे में बदल गई। शादी में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल कुछ देर के लिए तनाव में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर-सोनौली हाईवे स्थित आयुष मैरिज हॉल, रुद्रपुर शिवनाथ में सिद्धार्थनगर जिले के लोटन क्षेत्र से बारात आई थी। द्वारपूजा और अगवानी के दौरान बराती डीजे की धुन पर जमकर डांस कर रहे थे। इसी बीच कुछ बरातियों ने भोजपुरी का चर्चित गाना 'राजा जी के दिलवा टूट जाई' बजाने की फरमाइश की।
बताया जा रहा है कि दुल्हन के भाई ने इस गाने पर आपत्ति जताते हुए डीजे संचालक से दूसरा गीत बजाने को कहा। लेकिन बराती अपनी मांग पर अड़ गए और इसी गाने को बजाने की जिद करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हंगामे में बदल गई। शादी में मौजूद रिश्तेदार और मेहमान भी एक-दूसरे को समझाने में जुट गए, लेकिन माहौल लगातार गर्माता गया।
स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद विवाद खत्म हुआ और शादी की आगे की रस्में सकुशल संपन्न कराई गईं।
थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 9 July 2026, 5:47 PM IST
Topics : Bhojpuri Song Controversy Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Raja Ji Ke Dilwa Toot Jai uttar pradesh Wedding Fight