Maharajganj: पकौड़ी नहीं मिली तो निकाला छुरा, देखते ही देखते मच गया हड़कंप

महराजगंज के कोतवाली क्षेत्र में पकौड़ी खिलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवक के गले पर छुरे से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 June 2026, 9:00 PM IST

Maharajganj: जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते एक युवक पर छुरे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी देर तक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा रहा। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे उपचार के लिए चिकित्सक के पास पहुंचाया गया।

पकौड़ी खिलाने की बात पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरा खास निवासी अभिषेक पुत्र गन्नू, गोलू पुत्र मुसई, प्रदीप पुत्र श्रीकांत, सुल्तान तथा शेखावत पुत्र वकील रविवार को बागापार टोला विशुनपुरवा चौराहे पर स्थित एक सैलून की दुकान पर पहुंचे। वहां मौजूद राकेश पुत्र श्रीराम से उन्होंने पकौड़ी खिलाने की बात कही।

बताया जा रहा है कि राकेश ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए पकौड़ी खिलाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि अभिषेक ने अपने पास मौजूद छुरे से राकेश के गले पर वार कर दिया।

गले पर वार, खून से लथपथ होकर गिरा युवक

गले पर वार होते ही राकेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके शरीर से काफी मात्रा में खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को स्थानीय चिकित्सक के यहां पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस चौकी पहुंचा मामला

पीड़ित पक्ष ने बागापार पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी।

समझौते की कोशिश में जुटे दोनों पक्ष

घटना के संबंध में बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्ष आपस में समझौते की प्रक्रिया में जुट गए हैं। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  22 June 2026, 9:00 PM IST