Maharajganj: एक डुबकी और फिर नहीं लौटे… 24 घंटे बाद घोंघी नदी ने लौटाया मकालू यादव का शव

महराजगंज में घोंघी नदी में डूबे ग्रामीण की तलाश करीब 24 घंटे तक चलती रही। परिवार और बचाव दल को जिस खबर का इंतजार था, वह आखिरकार सामने आई, लेकिन उसके साथ मातम भी आ गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 July 2026, 7:22 PM IST

Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़गो गांव निवासी मकालू यादव का शव घोंघी नदी में डूबने के लगभग 24 घंटे बाद सोमवार को सिद्धार्थनगर जिले के लोटन कोतवाली क्षेत्र के राजपुर टोला कोमरवा के पास बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था युवक

जानकारी के अनुसार, मकालू यादव रविवार को गांव के एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घोंघी नदी तट पर गए थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अन्य लोगों के साथ नदी में स्नान करने उतरे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह नदी में लापता हो गए।

ये भी पढ़ें- दवा लेने गई थी, फिर नहीं लौटी… 12 साल की बच्ची के गायब होने से मचा हड़कंप, पड़ोसी युवक पर उठे सवाल

पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर निकाला शव

घटना की सूचना मिलते ही महराजगंज के कोल्हुई थाना और सिद्धार्थनगर के लोटन कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ और पीएसी की बाढ़ राहत एवं बचाव टीम ने संयुक्त रूप से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया। करीब 24 घंटे तक चले अभियान के बाद मकालू यादव का शव लोटन कोतवाली क्षेत्र के राजपुर टोला कोमरवा के पास नदी में उतराता हुआ मिला।

ये भी पढ़ें- अब चुप नहीं बैठेंगे… चढ़ावा चोरी और पेपर लीक पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, महराजगंज में सड़कों पर उतरे हजारों लोग

लोटन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  13 July 2026, 7:22 PM IST