घटिया निर्माण ने ले ली जान! अमृत सरोवर हादसे में पूर्व प्रधान पर मुकदमा, जांच रिपोर्ट ने खोले बड़े राज

महराजगंज के शेष फरेन्दा गांव में अमृत सरोवर गेट का पिलर गिरने से हुई युवक की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जांच रिपोर्ट में घटिया निर्माण और गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पूर्व ग्राम प्रधान पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आखिर पिलर कैसे गिरा, किसकी जिम्मेदारी तय हुई और जांच में क्या खुलासा हुआ।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 July 2026, 9:02 PM IST

Maharajganj: महराजगंज के सोनौली थाना क्षेत्र के शेष फरेन्दा गांव में अमृत सरोवर परिसर में बने गेट का पिलर गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी। अब इस मामले में प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। पूर्व ग्राम प्रधान रामबचन यादव उर्फ महेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जांच में सामने आई चौंकाने वाली लापरवाही

उपजिलाधिकारी नौतनवा के आदेश पर गठित त्रिस्तरीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में निर्माण कार्य को लेकर गंभीर खामियां उजागर की हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2024-25 में बने गेट के पिलर में इंजीनियरिंग मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई थी। भारी लोहे के गेट के लिए जहां मजबूत आरसीसी ढांचा होना चाहिए था, वहां ईंटों से पिलर खड़ा कर दिया गया।

अब लापरवाही नहीं चलेगी… स्कूली वाहनों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, जांच में खुलीं कई खामियां

कमजोर संरचना बनी हादसे की वजह

जांच रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि पिलरों की भार वहन क्षमता बेहद कमजोर थी। इसी वजह से स्ट्रक्चरल फेल्योर हुआ और भारी गेट का पिलर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। यह घटना इतनी तेज थी कि नीचे खड़ा विकास यादव उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।

जिम्मेदारी तय, पूर्व प्रधान पर कार्रवाई

रिपोर्ट में निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही के लिए तत्कालीन ग्राम प्रधान को जिम्मेदार माना गया है। इसी आधार पर सोनौली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि जांच में जिस किसी की भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ भी कार्रवाई तय है।

इस्तीफा मंजूर करो, नहीं तो कोर्ट में होगा फैसला! निलंबित PCS अलंकार ने मंडलायुक्त के सामने खोला मोर्चा, राम मंदिर पर भी उठाए सवाल

पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है और जांच में आगे और भी अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  6 July 2026, 9:02 PM IST