‘चुम्मेवाली भाभी’ के पति को किसने पीटा? सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला

लुधियाना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रंजीत कौर उर्फ 'भाभी चुम्मेवाली' के पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिवार ने देवर-देवरानी पर सड़क पर दौड़ाकर पीटने, कपड़े फाड़ने और घर से बेदखल करने का आरोप लगाया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को जांच के लिए थाने बुलाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 October 2026, 1:06 PM IST

Ludhiana News: सोशल मीडिया पर 'भाभी चुम्मेवाली' के नाम से मशहूर रंजीत कौर के परिवार में विवाद अब मारपीट तक पहुंच गया है। आरोप है कि उनके पति को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और सरेआम उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित परिवार ने अपने ही भाई-भाभी और उनके बेटों पर हमले का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने घर पर भी कब्जा कर लिया और उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इंसाफ की मांग को लेकर रंजीत कौर ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। साथ ही मोती नगर थाने में भी लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सुबह-सुबह शुरू हुआ विवाद, सड़क पर हुई मारपीट

पुलिस कमिश्नर को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। रंजीत कौर का आरोप है कि उनके देवर, देवरानी और उनके बेटों ने बिना किसी वजह के विवाद शुरू कर दिया। पहले दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

रंजीत कौर के मुताबिक, आरोपियों ने उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में मारपीट की तस्वीरें कैद होने की बात कही जा रही है। अब इस फुटेज के सामने आने के बाद परिवार ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मारपीट के बाद घर में लगाया ताला, जान से मारने की धमकी का आरोप

रंजीत कौर ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मारपीट की घटना के बाद आरोपियों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उन्हें अपने ही घर में दाखिल नहीं होने दिया। परिवार का आरोप है कि घर खाली नहीं करने और दोबारा अंदर आने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

रंजीत कौर की बेटी शिवानी हंस ने भी आरोपी पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घर में अक्सर शराब के नशे में हंगामा किया जाता है। आरोपियों की वजह से परिवार को लगातार डर के माहौल में रहना पड़ता है। शिवानी का दावा है कि आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति पैदा होती रहती है।

मोती नगर पुलिस पर भी उठाए सवाल

पीड़ित परिवार ने इस मामले में मोती नगर पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाए हैं। शिवानी हंस का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद परिवार थाने पहुंचा था और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

वहीं, मामले को लेकर मोती नगर थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों की तरफ से शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दोनों पक्षों को पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और शिकायतों में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच के बाद ही मारपीट और घर में प्रवेश को लेकर लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Location :  Ludhiana

Published :  30 October 2026, 1:06 PM IST