हिंदी
शिवा की मौत पर श्रद्धा दुबे vs मां रंजना शर्मा (Img: AI Generated)
Lucknow: श्रद्धा दुबे वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बता रही हैं, वहीं शिवा की मां रंजना शर्मा ने घटना वाले दिन की ऐसी बातें बताई हैं, जिनसे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ आत्महत्या का दावा है, तो दूसरी तरफ हत्या की आशंका। आखिर दोनों पक्षों की कहानी में कितना अंतर है?
लखनऊ के शिवा शर्मा डेथ केस में मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे के लगातार दो वीडियो सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है। श्रद्धा वीडियो में हाथ जोड़कर लोगों से उनके बारे में अफवाहें नहीं फैलाने की अपील कर रही हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर उनका नाम कई नेताओं और अधिकारियों के साथ बेवजह जोड़ा जा रहा है। श्रद्धा ने साफ कहा कि किसी नेता या अधिकारी का उनके इंस्टाग्राम पर जुड़ा होना किसी तरह के संबंध का सबूत नहीं है। उन्होंने ऐसे दावों को गलत बताते हुए कहा कि उनका किसी से कोई कनेक्शन नहीं है।
श्रद्धा का यह भी कहना है कि वह पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराना चाहती हैं और पूरी सच्चाई बताने के लिए तैयार हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी लड़की के बारे में कुछ कहने से पहले उसके पक्ष को भी समझें। उनके मुताबिक, उन्होंने कुछ नहीं किया है और उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- ‘मैं पुलिस को सब सच बताउंगी’- वीडियो जारी कर बोली फरार श्रद्धा दुबे, शिवा की मौत को बताया सुसाइड
श्रद्धा के दावों पर शिवा की मां रंजना शर्मा ने नाराजगी जताई है। उनका सवाल है कि अगर श्रद्धा निर्दोष हैं, तो उन्हें सामने आकर पुलिस को अपना बयान देना चाहिए। रंजना चाहती हैं कि मामले में जल्द गिरफ्तारी हो और उनके बेटे को न्याय मिले।
रंजना के मुताबिक, घटना के दिन उन्हें श्रद्धा की बहन का फोन आया था। फोन पर बताया गया कि शिवा बालकनी से गिर गए हैं और उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है। लेकिन जब रंजना अस्पताल पहुंचीं, तो वहां शिवा के नाम की कोई एंट्री नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने दोबारा फोन किया। रंजना का कहना है कि उन्हें ड्राइवर का नंबर दिया गया, जिससे संपर्क करने पर पता चला कि शिवा को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले जाया गया है।
रंजना के अनुसार, जब वह मेडिकल कॉलेज पहुंचीं, तब वहां एक एंबुलेंस खड़ी थी। मौके पर एंबुलेंस का ड्राइवर और शिवा का ड्राइवर दानिश मौजूद था। उन्होंने दानिश से पूछा कि आखिर हुआ क्या है, लेकिन रंजना के मुताबिक, उसने खुद को नौकर बताते हुए घटना की जानकारी होने से इनकार किया और वहां से चला गया। रंजना ने यह भी कहा कि उनका बेटा डिप्रेशन में नहीं था। उन्होंने अपने पास मौजूद जानकारी पुलिस को दे दी है और अब वह चाहती हैं कि जांच जल्द पूरी हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
इस मामले में श्रद्धा दुबे का दावा शिवा की मां के आरोपों से बिल्कुल अलग है। श्रद्धा ने वीडियो में कहा कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई, बल्कि यह आत्महत्या का मामला था। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में लोगों को बताने वाली थीं। श्रद्धा ने अपनी शारीरिक हालत का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, वह इस समय ठीक नहीं हैं और शारीरिक रूप से भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया पर उनसे जुड़ी बातों को बिना पुष्टि के फैलाने से बचने की अपील की।
ये भी पढ़ें- शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने प्रशासन से जतायी सरेंडर की इच्छा, कहा…
यह मामला 10 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में सामने आया था। 28 वर्षीय शिवा शर्मा, जो अपना कारोबार करते थे, चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। इस घटना में उनकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें शिवा नीचे गिरते दिखाई देते हैं।
शिवा की मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उन्हें चौथी मंजिल से धक्का दिया गया। उन्होंने दर्ज कराई गई एफआईआर में मॉडल श्रद्धा दुबे, उनके ड्राइवर, उनकी बहन रश्मि दुबे, आदिल और कुछ अज्ञात लोगों पर हत्या में शामिल होने की आशंका जताई। रंजना का आरोप है कि श्रद्धा ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया। दूसरी तरफ, श्रद्धा खुद को निर्दोष बता रही हैं और मौत को आत्महत्या करार दे रही हैं।
शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, संबंधित आरोपी फरार हैं और श्रद्धा की लोकेशन नेपाल में होने की बात कही जा रही है। फिलहाल, श्राद्धा के जारी हुए वीडियो और शिवा की मां के दोनों पक्ष सामने आने के बाद यह मामला और भी उलझ गया है। अब देखना होगा कि पुलिस की आगे की जांच में क्या पता चलता है।
Location : Lucknow
Published : 16 October 2026, 7:50 PM IST