
पूर्व ARTO ललित कुमार गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विजिलेंस डिपार्टमेंट ने आज यानी 8 जुलाई को आय से अधिक संपत्ति के मामले में रिटायर्ड असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित घर पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान टीम को भारी मात्रा में कैश, सोना और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज मिले, जिन्हें देखकर वे हैरान रह गए। मामले की गहन जांच चल रही है।
छापेमारी के दौरान लगभग 1.62 करोड़ रुपये कैश मिला। इसके अलावा, करीब 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और कीमती हीरे के गहने भी बरामद किए गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इन चीजों की कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये है। विजिलेंस टीम ने बरामद सभी चीजों को जब्त कर लिया है और उनका रिकॉर्ड तैयार किया है।
जांच के दौरान लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली समेत कई जगहों पर घर, फ्लैट, प्लॉट और खेती की जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले। अधिकारियों का अनुमान है कि इन अचल संपत्तियों की कीमत लगभग 13 करोड़ रुपये है। साथ ही, दो लग्जरी कारें, एक रिवॉल्वर और अलग-अलग बैंकों में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ 'भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम' (Prevention of Corruption Act) के तहत पहले से ही एक मामला दर्ज था। कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद यह छापेमारी की गई। अब बरामद कैश, गहनों, निवेश के रिकॉर्ड और प्रॉपर्टी के दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है।
ARTO Action: घुघली में अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, ओवरलोड बालू लदे दो ट्रक सीज
अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच के आधार पर कुल संपत्ति जिसमें कैश, सोना, चांदी, हीरे के गहने, चल-अचल संपत्ति, लग्जरी गाड़ियां और अन्य निवेश शामिल हैं की अनुमानित कीमत लगभग 35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा। विजिलेंस डिपार्टमेंट ने कहा है कि जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 8 July 2026, 5:46 PM IST