मुजफ्फरनगर में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश, शादी के नाम पर खेला जा रहा था बड़ा खेल

मुजफ्फरनगर की छपार थाना पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं शादी कराकर अगले ही दिन जेवर और नगदी लेकर फरार हो जाती थीं। पुलिस ने आरोपिताओं के पास से कई आभूषण बरामद किए हैं, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 May 2026, 5:45 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना छपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी शादी कर सीधे-सादे परिवारों को निशाना बनाती थीं। यह महिलाएं शादी के बाद दुल्हन बनकर घर पहुंचतीं और फिर मौका मिलते ही जेवर और नगदी लेकर फरार हो जाती थीं।

शादी कराने के नाम पर रची गई साजिश

पुलिस के मुताबिक इस मामले की शुरुआत तब हुई जब एक व्यक्ति ने 23 मई 2026 को थाना छपार में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उसकी मुलाकात रविन्द्र पुत्र सग्गार निवासी ग्राम घुमावटी से हुई थी। रविन्द्र ने उसके बेटे की शादी कराने का भरोसा दिलाया और फोन पर सोनाक्षी नाम की युवती की फोटो दिखाई। परिवार शादी के लिए तैयार हो गया। इसके बाद शादी की तैयारियों और अन्य खर्चों के नाम पर परिवार से रकम भी ली गई।

हरिद्वार में कराई गई शादी

पीड़ित परिवार के अनुसार हरिद्वार के एक मैरिज होम में शादी कराई गई। शादी के दौरान दुल्हन को मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमकी, पायल और अन्य जेवर दिए गए। परिवार को लगा कि सब कुछ सामान्य तरीके से हो गया है, लेकिन शादी के अगले ही दिन नई नवेली दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई। जब परिवार ने तलाश शुरू की तो पता चला कि युवती जेवर और नगदी लेकर फरार हो चुकी है।

मुजफ्फरनगर लेखपाल परीक्षा पर बवाल : कमरे में मोबाइल लेकर पहुंचा पुलिसकर्मी? CCTV जांच के बाद आया बड़ा सच

पुलिस ने ऐसे खोला पूरा राज

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना छपार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपितों की तलाश शुरू की। शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपिताओं की पहचान सोनाक्षी पुत्री वेदपाल, कामिनी पत्नी वेदपाल और आशा पत्नी राजेन्द्र निवासी दुर्गाविहार थाना नजीबाबाद जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनका गिरोह ऐसे परिवारों को निशाना बनाता था जिनके यहां शादी में परेशानी होती थी। गिरोह पहले रिश्ता तय कराता, फिर शादी का पूरा नाटक रचता। शादी के नाम पर परिवार से पैसे लिए जाते और शादी के बाद मौका मिलते ही दुल्हन जेवर और नगदी लेकर फरार हो जाती थी।

मुजफ्फरनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूटकांड का आरोपी घायल

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस पूरे गिरोह में रविन्द्र नाम का युवक भी शामिल है, जिसने परिवार से संपर्क कराया था। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  24 May 2026, 5:37 PM IST

Advertisement